Indore News: महापौर पुष्यमित्र भार्गव का सख्त अल्टीमेटम, 30 दिन में पूरा करें मनीष पुरी रोड का काम, वरना होगी कड़ी कार्रवाई
इंदौर। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शनिवार तड़के मनीष पुरी क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर सड़क निर्माण, डामरीकरण, पेचवर्क और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। मनीष पुरी रोड का काम धीमी गति से चलने पर उन्होंने अधिकारियों पर जमकर नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष कार्य 30 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने दीपावली के बाद इस मार्ग का औपचारिक उद्घाटन करने के निर्देश भी दिए।
🧹 सफाई में लापरवाही पर दरोगा और CSI पर गिरी गाज: सड़कों की गुणवत्ता और जल संरक्षण पर भी दिए कड़े निर्देश
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित सीएसआई (CSI) और दरोगा पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल कागजी समीक्षा के बजाय अधिकारी मौके पर रहकर गुणवत्ता की निगरानी करें। इस दौरान एमआईसी सदस्य राजेश उदावत, पार्षद पुष्पेंद्र पाटीदार, स्थानीय पार्षद मुद्रा शास्त्री और अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर मौजूद रहे। महापौर ने खराब पेचवर्क को तुरंत ठीक करने, जलभराव रोकने के लिए सही रैंप बनाने और स्थानीय रहवासियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।