MP News: सेमीकंडक्टर समिट में उद्योगपतियों से मिले सीएम मोहन यादव, भोपाल को मिला बड़ा निवेश प्रस्ताव
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय ‘मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026’ के पहले दिन प्रमुख उद्योगपतियों व निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक विकास को गति देने पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उना इकोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ विशाल सिंह एवं हेड-ऑपरेशंस लोकेंद्र अग्रवाल से मुलाकात कर प्रदेश में प्रस्तावित निवेश योजनाओं की समीक्षा की तथा उन्हें जनवरी 2027 में आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ के लिए भी आमंत्रित किया।
⚡ भोपाल के ईएमसी-2 में स्थापित होगी नेक्स्ट-जनरेशन लिथियम-आयन सेल विनिर्माण इकाई: 500 प्रत्यक्ष और 1500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर
बैठक में उना इकोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड ने भोपाल के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर-2 (ईएमसी-2) में ₹2,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा है। अहमदाबाद स्थित यह कंपनी भोपाल में अत्याधुनिक ‘हाई-एलएमओ’ तकनीक पर आधारित नेक्स्ट-जनरेशन लिथियम-आयन सेल विनिर्माण की ग्रीनफील्ड इकाई स्थापित करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से प्रदेश में 2,000 से अधिक नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उद्योगों को हरसंभव सहायता और विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।