Firoz Khan Case: इंदौर लोकायुक्त जांच में हुआ बड़ा राजफाश, देवास और इंदौर में मिली करोड़ों की बेनामी संपत्तियां
इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में लोकायुक्त जांच के दायरे में आए पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक (चालक) फिरोज खान के मामले में एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है। आरोपी के आवासों और अन्य ठिकानों पर गत 14 अक्टूबर को हुई छापेमारी और सर्च कार्रवाई के बाद अब तक की जांच में कई चौंकाने वाली संपत्तियों का पर्दाफाश हुआ है। लोकायुक्त के अनुसार, आरोपी द्वारा खुद, उसके परिवार, व्यावसायिक सहयोगियों और एक फर्म के नाम पर कुल 38 अचल संपत्तियां खरीदे जाने का मामला सामने आया है। इन सभी संपत्तियों की सरकारी गाइडलाइन के मुताबिक कीमत करीब 12 करोड़ 97 लाख रुपये है, जबकि इनकी वर्तमान अनुमानित बाजार कीमत लगभग 35 करोड़ 46 लाख रुपये आंकी गई है।
🏢 देवास और इंदौर में फैली हैं संपत्तियां, कृषि भूमि से लेकर प्लॉट और कॉमर्शियल ठिकानों का हुआ पता
लोकायुक्त जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने सिर्फ इंदौर ही नहीं, बल्कि देवास जिले में भी भारी निवेश किया है। देवास में कुल चार प्रमुख संपत्तियों की जानकारी मिली है, जिसमें ग्राम राजोदा में 1.15 हेक्टेयर कृषि भूमि, शक्ति नगर कॉलोनी में 1,250 वर्गफीट का भूखंड, शालीमार कॉलोनी में एक प्लॉट और ग्राम लोहाना में 0.305 हेक्टेयर कृषि भूमि शामिल है। ये सारी संपत्तियां अलग-अलग सहयोगियों और फर्मों के नाम पर कागजों में दर्ज कराई गई थीं। लोकायुक्त की अब तक की फाइनेंशियल जांच के मुताबिक, आरोपी द्वारा चल और अचल संपत्तियों को खरीदने में कुल 15 करोड़ 52 लाख 2 हजार 923 रुपये खर्च किए जाना पाया गया है।
🔍 शीर्ष अधिकारियों के मार्गदर्शन में चल रही है विवेचना, आय से अधिक संपत्ति का मामला स्पष्ट होने की उम्मीद
इस हाई-प्रोपाइल कार्रवाई का संपूर्ण संचालन लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन में किया गया है। वर्तमान में यह विस्तृत जांच उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) मनोज कुमार सिंह और इंदौर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश सहाय के मार्गदर्शन में तेजी से आगे बढ़ रही है। मामले में विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी विभागों से रिकॉर्ड जुटाए जा रहे हैं। अब जांच का मुख्य बिंदु यह स्पष्ट करना है कि सामने आई इन बेहिसाब संपत्तियों और कुल खर्च का, आरोपी की ज्ञात आय के वैध स्रोतों से कितना मेल बैठता है।