Damoh News: पथरिया में बड़ा दर्दनाक हादसा, कुएं में डूबने से मां और दो बच्चों की मौत, एक बच्ची गंभीर
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पथरिया थाना अंतर्गत जमुनिया गांव में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तड़के प्रभात फेरी पर निकले लोगों ने कुएं से चीखने की आवाजें सुनीं, जिसके बाद मौके पर दौड़कर पहुंचे ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से एक महिला और उसके तीन बच्चों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 28 वर्षीय महिला मंजू और उसके दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 5 साल की एक अन्य बच्ची की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है।
🔍 परिवार ने अनभिज्ञता जताई, पुलिस हर एंगल से कर रही मामले की गहन जांच
घटना की सूचना मिलने पर पथरिया थाना प्रभारी महेंद्र जगेत तुरंत अस्पताल पहुंचे और मृतका के पति व सास के बयान दर्ज किए। मृतका की सास अनूप रानी और पति ने किसी भी तरह के पारिवारिक विवाद से इनकार किया है और इतनी सुबह महिला के बच्चों समेत कुएं तक पहुंचने की बात से अनभिज्ञता जताई है। पति मजदूरी का काम करता है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और मायके पक्ष के लोगों को भी सूचित कर दिया है। घर से तड़के निकलकर इस खौफनाक कदम उठाने के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर संभावित एंगल से बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है।