Dhar News: सड़क हादसों के बढ़ते आंकड़े डरावने, कुछ ही दिनों में 8 लोगों की दर्दनाक मौत से उजड़े परिवार
धार। सड़क पर निकला व्यक्ति अपने घर सुरक्षित लौटेगा, यही उम्मीद हर परिवार की होती है। कोई काम पर जाता है, कोई पढ़ने, तो कोई परिवार की जरूरतें पूरी करने बाहर निकलता है। घर पर हमेशा उनके सकुशल लौटने का इंतजार रहता है, लेकिन जब दरवाजे पर दस्तक की जगह किसी हादसे की मनहूस खबर पहुंचती है, तो एक ही पल में पूरा परिवार बिखर जाता है। कहीं एक ही परिवार के कई सदस्य अपनी जान गंवा बैठते हैं, तो कहीं घर का इकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझ जाता है।
मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों (3 से 19 अक्टूबर) के भीतर हुई सड़क दुर्घटनाओं में 8 लोगों की मौत और 9 लोगों के घायल होने की घटनाएं महज साधारण आंकड़े नहीं हैं, बल्कि ये ऐसी त्रासदियां हैं जिन्होंने कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी है।