Dussehra 2026: दिल्ली में रावण दहन की अनोखी तैयारियां, ‘हे राम’ बोलेगा पुतला, जलेगा 30 फुट का ‘कॉकरोच’
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में विजयदशमी के अवसर पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण दहन की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। इस बार दिल्ली की प्रसिद्ध लव कुश रामलीला में 110 फुट ऊंचे रावण का पुतला आकर्षण का केंद्र रहेगा। जैसे ही भगवान राम का तीर रावण को लगेगा, पुतला ‘हे राम’ कहकर चीख उठेगा और एक विशेष संवाद के जरिए लोगों को अपने भीतर की बुराइयों को खत्म करने का संदेश देगा। पुतले में घूमती हुई तलवार और जलती हुई आंखें लगाई गई हैं। वहीं दूसरी ओर, द्वारका श्री रामलीला में 90 फुट ऊंचे रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले बनाए गए हैं, जहां पर्यावरण के अनुकूल ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल होगा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
🪳 पीतमपुरा में रावण संग जलेगा 30 फुट का ‘कॉकरोच’, यूथ कांग्रेस ने जलाया मुख्य चुनाव आयुक्त CEC का पुतला
इस बार रावण दहन के दौरान सामाजिक और राजनीतिक संदेश भी देखने को मिल रहे हैं। पीतमपुरा की श्री केशव रामलीला समिति द्वारा रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फुट ऊंचे एक विशाल ‘कॉकरोच’ का पुतला भी जलाया जाएगा। समिति के अध्यक्ष अशोक गोयल ने स्पष्ट किया कि ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत गंदगी के प्रतीक के रूप में यह पुतला जलाया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ, विजयादशमी से ठीक पहले राजनीतिक सरगर्मी भी देखने को मिली, जहां यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का रावण रूपी पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की।