Weather News: पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के संकेत, यूपी से लेकर दक्षिण भारत तक बिगड़ा मौसम, पढ़ें IMD की चेतावनी
नई दिल्ली। देश भर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत के राज्यों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की जाने लगी है, जिसके चलते अधिकांश घरों में एसी और कूलर बंद हो गए हैं। दशहरे के पावन अवसर पर मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली में मौसम बिल्कुल साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है, जिससे त्यौहार के आयोजनों में बारिश की कोई खलल नहीं पड़ेगी। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। राजधानी में 23 अक्टूबर तक आसमान साफ रहेगा, जिसके बाद 24 और 25 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
🌧️ यूपी और राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट: बिहार-झारखंड में शुष्क रहेगा मौसम, दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश का कहर
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती, अलीगढ़, बिजनौर, मथुरा, आगरा, मेरठ, हमीरपुर और सहारनपुर समेत कई जिलों में आज भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, अजमेर और जैसलमेर समेत कई हिस्सों में भी आंधी-बारिश की चेतावनी है। इसके विपरीत बिहार और अधिकांश झारखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा। दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में ऊपरी परिसंचरण के कारण मूसलाधार बारिश का दौर जारी है, जहां कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। उत्तराखंड के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में 23 अक्टूबर से बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।