Tribal Culture: बड़वानी में रानी काजल माता के मंदिर का निर्माण कार्य पूरा, उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की वरला तहसील के ग्राम खारिया स्थित रानी काजल पहाड़ पर आदिवासी समाज की आराध्य कुलदेवी रानी काजल माता का भव्य मंदिर बनकर लगभग तैयार हो चुका है। इस मंदिर में माता की 6.5 फीट ऊंची अत्यंत भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी। मूर्ति स्थापना के लिए 10 से 13 नवंबर 2026 तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। महाराष्ट्र के शिरपुर तालुका में तराशी गई इस प्रतिमा को 12 नवंबर को पहाड़ पर लाया जाएगा, जिसके बाद 13 नवंबर को पारंपरिक गायणा आदिवासी पूजा पद्धति और रीति-रिवाजों के साथ सामूहिक स्थापना की जाएगी।
🌿 आदिवासी संस्कृति और सामुदायिक एकता का प्रतीक: रानी काजल विकास केंद्र के प्रयास से साकार हुआ भव्य आयोजन
इस आयोजन में आसपास के गांवों के पटेल, पुजारा, कुटवाव, वारती और डाहला सहित तमाम पारंपरिक प्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल होंगे। 13 नवंबर को इस पावन अवसर पर भव्य सामूहिक भंडारे और महाप्रसादी का भी आयोजन रखा गया है। ‘रानी काजल आदिवासी ग्राम विकास केंद्र’ के माध्यम से न केवल मंदिर और पहुंच मार्ग का निर्माण किया गया है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, मान्यताओं और परंपराओं को सुरक्षित रखकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। भविष्य में इस परिसर को सामुदायिक गतिविधियों और संस्कृति के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।