Indore Police : गरबा पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा सख्त, शक्ति दीदी और हेल्पलाइन नंबर से किया जा रहा जागरूक
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आयोजनों में पूरी तरह सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में इंदौर पुलिस पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस बल से सुसज्जित करीब 15 ‘शक्ति मोबाइल’ टीमें लगातार सक्रिय रहकर प्रमुख मंदिरों, भक्ति स्थलों, गरबा पंडालों और मेलों के आसपास निरंतर पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ-साथ यह टीमें आपात स्थिति में जरूरतमंदों की मदद कर जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश कर रही हैं।
👶 गुमशुदा 3 वर्षीय बालक को परिजनों से मिलाया, खराब स्कूटी वाली युवतियों को भी पहुँचाया सुरक्षित
बीती रात्रि शक्ति मोबाइल की विभिन्न टीमों ने अपनी सजगता और संवेदनशीलता से कई सराहनीय कार्य किए। पीसीआर-11 की टीम ने कंकणेश्वरी गरबा ग्राउंड में एक गुमशुदा 3 साल के बच्चे को ढूंढकर सकुशल उसके पिता के सुपुर्द किया। वहीं, पीसीआर-13 की टीम ने गरबा देखकर लौट रही दो युवतियों की स्कूटी खराब होने पर उनकी मदद की और उन्हें सुरक्षित घर पहुँचाया। इसके अलावा, गरबा पंडालों के बाहर वाहन न मिलने से परेशान अन्य युवतियों और एक यातायात प्रहरी महिला को भी पुलिस ने सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुँचाया।
🛡️ विवाद करने वालों पर त्वरित कार्रवाई, गरबा पंडालों में चलाया गया व्यापक जागरूकता अभियान
गश्त के दौरान महिला शक्ति पीसीआर-5 की टीम ने पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद कर रहे दो व्यक्तियों को मौके पर ही दबोच लिया और उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए परदेशीपुरा थाने के सुपुर्द किया। इसके साथ ही, शक्ति मोबाइल टीमों ने विभिन्न गरबा मंडलों में महिलाओं और युवतियों को ‘शक्ति दीदी’ और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने वाले पंपलेट बांटे तथा पंडालों में बड़े बैनर भी लगवाए। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पंडालों के आसपास अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध युवकों की भी कड़ी चेकिंग की गई। इंदौर पुलिस का यह मानवीय चेहरा शहरवासियों में चर्चा का विषय बना हुआ है।