जीआरपी उज्जैन की बड़ी कार्रवाई,24 घंटे में मोबाइल चोरी का खुलासा, 08 मोबाइल बरामद; फरार वारंटी भी गिरफ्तार
उज्जैन, 01 सितम्बर 2026-रेलवे स्टेशन एवं चलित ट्रेनों में यात्रियों के साथ होने वाली चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए जीआरपी उज्जैन द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जीआरपी एवं आरपीएफ के समन्वय, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सहायता एवं सक्रिय मुखबिर तंत्र के माध्यम से दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 08 मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत ₹1,46,000/- बरामद किए गए। साथ ही वर्ष 2017 के चोरी के प्रकरण में फरार वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया।
पहला प्रकरण – 24 घंटे में मोबाइल चोरी का खुलासा
दिनांक 30.08.2026 को यात्री वीरु सूद निवासी हापुड़ (उत्तर प्रदेश) ने थाना जीआरपी उज्जैन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश ने उसकी जेब से ₹20,000/- कीमत का सैमसंग मोबाइल चोरी कर लिया। प्रकरण दर्ज होने के बाद जीआरपी एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम ने स्टेशन एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। प्राप्त सूचना पर रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में घेराबंदी कर अनीस खान निवासी भोपाल को पकड़ा गया। उसके कब्जे से चोरी गया मोबाइल बरामद कर 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इसी क्रम में तकनीकी सूचना के आधार पर अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गणेश निवासी छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र) से ₹16,000/- कीमत का ओप्पो मोबाइल तथा लाखन परिहार निवासी देवास से ₹10,000/- कीमत का सैमसंग मोबाइल बरामद किया गया। इस प्रकार इस कार्रवाई में कुल 03 चोरी के मोबाइल, कीमत ₹46,000/- बरामद हुए।
दूसरा प्रकरण – संदिग्ध व्यक्ति से 05 मोबाइल बरामद
दिनांक 31.08.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन उज्जैन के प्लेटफार्म क्रमांक 08 के आउटर क्षेत्र में एक व्यक्ति नीले रंग का बैग लेकर मोबाइल बेचने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर जीआरपी टीम ने तत्काल घेराबंदी कर राहुल कांबले, उम्र 44 वर्ष, निवासी पुणे (महाराष्ट्र) को पकड़ा। तलाशी में उसके बैग से विभिन्न कंपनियों के 05 मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत ₹1,00,000/- बरामद हुए। मोबाइल के संबंध में कोई बिल अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर चोरी की आशंका में सभी मोबाइल विधिवत जप्त कर जांच प्रारंभ की गई।
तीसरा प्रकरण- वर्ष 2017 का फरार वारंटी भी गिरफ्तार
उक्त कार्रवाई के दौरान न्यायालय उज्जैन द्वारा वर्ष 2017 के चोरी के प्रकरण में जारी गिरफ्तारी वारंट में लंबे समय से फरार चल रहे धर्मराज सेन निवासी सीहोर को भी गिरफ्तार किया गया।
संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता सहित जीआरपी एवं आरपीएफ के अधिकारी-कर्मचारियों की एसपी यशपालसिंह राजपूत के नेतृत्व निर्देशन में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही