Bihar Vigilance Action: आर्थिक अपराध इकाई की मुजफ्फरपुर में बड़ी रेड, इंजीनियर के फ्लैट से मिला भारी कैश
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने योजना एवं विकास विभाग, मुंगेर में पदस्थापित एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU की अलग-अलग टीमों ने गुरुवार सुबह मुजफ्फरपुर, भागलपुर, मुंगेर और पटना स्थित उनके कुल पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट में EOU की टीम को जांच के दौरान फ्लैट से 50 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
💰 83.53 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज
आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, नारद कुमार दास के खिलाफ उनकी ज्ञात आय के वैध स्रोतों से करीब 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने के पुख्ता प्राथमिक साक्ष्य मिले हैं। यह राशि उनकी वैध आय से लगभग 64.93 प्रतिशत अधिक आंकी गई है। इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 के तहत औपचारिक मामला दर्ज कर लिया गया है।
🔍 विशेष अदालत के वारंट पर एक साथ कई जिलों में रेड
EOU अधिकारियों ने बताया कि विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में मुजफ्फरपुर के अलावा भागलपुर, मुंगेर और पटना में स्थित ठिकानों पर दस्तावेजों, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और आभूषणों की बारीकी से जांच की जा रही है। सुबह-सुबह अचानक हुई इस कार्रवाई से महकमे और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है।