अवैध खनन पर चला खनिज विभाग का डंडा, दो डंपर व पोकलेन जब्त – अधिकारियों का कहना जारी रहेगी कार्रवाई, बख्शे नहीं जाएंगे अवैध खननकर्ता
शाजापुर। अवैध खननकर्ताओं पर खनिज विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को ही खनिज विभाग ने अवैध खनन करते दो डंपर व दो पोकलेन का जब्त किया है, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जाएगा।
दरअसल खनिज अधिकारी नवनीत भालेकर व खनिज इन्सपेक्टर गणेश सोनारे को लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थी, लेकिन अधिकारियों द्वारा इन्हें रंगे हाथों पकड़ना था। शनिवार को दोपहर में अधिकारियों ने जाल बिछाया और श्यामपुर चीतोंनी व ताजपुर उकाला में चल रहे बायपास निर्माण पर पहुंचे। जहां इन अधिकारियों ने दो पोकलेन मशीनें और मुरम से भरे दो डंपर जब्त किए गए। खनिज अधिकारी नवनीत भालेकर और प्रभारी खनिज निरीक्षक गणेश सोनारे ने राजस्व दल के साथ दोपहर में इन दो अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा। हालांकि कहासुनी के बाद एक खाली डंपर का चालक उसे लेकर भागने में सफल रहा। जिसकी धरपकड़ के लिए अधिकारियों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन के साथ मिलकर बनाई योजना, फिर की कार्रवाई
प्रभारी खनिज अधिकारी गणेश सोनारे ने बताया कि उन्हें लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर यह संयुक्त कार्रवाई की गई। शुजालपुर में नेशनल बायपास का निर्माण कर रही अपेक्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर यह अवैध खनन करया जा रहा था और खनिज का उपयोग मार्ग के किनारे किया जा रहा था। पोकलेन मशीनों को मौके पर ही पंचनामा बनाकर सील कर दिया गया, क्योंकि उन्हें ले जाने के लिए ट्राला उपलब्ध नहीं था। जब्त किए गए दोनों डंपरों को पुलिस थाना परिसर में अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कितने हजार घन मीटर अवैध खनन हुआ है, इसकी नपती करवाकर नियमानुसार अवैध खनन का प्रकरण बनाया जाएगा और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
00000000000000000
00000000000000000