—-
झोंकर में सीएलएफ एवं स्वसहायता समूहों की महिला सदस्यों से वार्ता में कलेक्टर ने कहा
—-
आर्थिक गतिविधियों के संचालन के लिए सीएलएफ सदस्य एवं स्वसहायता समूह की महिलाएं स्वयं आगे आएं, मशीनों का चयन करें और इसके बाद ही मशीनें खरीदें। यह बात कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज ग्राम झोंकर में सीएलएफ एवं स्वसहायता समूहों की महिला सदस्यों से वार्ता के दौरान कही। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर सुश्री बाफना आज ग्राम झोंकर पहुंची थी। यहां उन्होंने सीएलएफ एवं स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। महिलाओं ने आर्थिक गतिविधियों में मसाले तैयार करने का उद्यम स्थापित करने की मंशा जताई थी। कलेक्टर ने कहा कि जो भी काम करना है उसके लिए वे स्वयं आगे आएं और मशीनों का चयन करें। काम शुरू करने के पूर्व वे एक्सपोजर विजिट भी करें, ताकि काम को अच्छे से समझ सकें। कलेक्टर सुश्री बाफना ने यहां बैंक सखियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये। सदस्यों ने बताया कि उनके द्वारा खजूर के पत्तों से झाडू एवं अन्य सामग्रियां तैयार की जाती है, जिसे वे महाराष्ट्र एवं अन्य स्थानों पर विक्रय के लिए भेजते हैं। इसी तरह कुछ महिला सदस्य इन्दौर से रेडिमेड गारमेंट उद्योग के वस्त्रों की सिलाई करती है, तो कुछ महिलाओं द्वारा लाख आदि की चूड़ियों का निर्माण, मिट्टी से कलात्मक वस्तुओं का निर्माण, व्यक्तिगत गतिविधियों में हाट बाजार में दुकानें लगाने आदि का कार्य किया जा रहा है। झोंकर सीएलएफ (संकुल स्तरीय संगठन) में कुल 20 ग्राम संगठन जुड़े हैं, इन ग्राम संगठनों से 2-2 सदस्यों कुल 40 सदस्य को सीएलएफ में लिया गया है। इस प्रकार झोंकर क्षेत्र में 200 समूह गठित है जिनसे 2094 परिवार जुडे हैं। आर्थिक गतिविधियों के संचालन के बाद इनमें से 1052 दीदीयां लखपती भी बनी हैं। इस दौरान कलेक्टर सुश्री बाफना ने अच्छा कार्य करने वाले समूहों की महिला सदस्यों को प्रमाण पत्र भी वितरित किये गये। इस दौरान एनआरएलएम के खण्ड समन्वयक श्री होकमसिंह गुर्जर भी उपस्थित थे।
————
स्वास्थ्य केन्द्र को आवंटित भूमि से अतिक्रमण हटाएं
————
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज मक्सी के गडरोली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र द्वारा मरीजों के उपचार के लिए दी जा रही सुविधाओं, दवाईयों के भण्डारण आदि का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले को निर्देश दिये कि स्वास्थ्य केन्द्र को आवंटित भूमि से अतिक्रमण हटवाएं। सीएमएचओ डॉ. अजय साल्विया को कलेक्टर ने निर्देश दिये कि वे अस्पताल परिसर में चिकित्सकों एवं अन्य स्टॉफ के लिए आवास निर्माण के प्रस्ताव तैयार कराएं तथा स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं में विस्तार करें। इस दौरान बीएमओ डॉ. गोपाल मकवाना ने स्वास्थ्य केन्द्र की गतिविधियों की जानकारी दी।
———-
बच्चों से पाठ्य पुस्तक पढ़वाकर शिक्षा की गुणवत्ता परखी
———–
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने ग्राम झोंकर में कक्षा 3री के विद्यार्थियों से पाठ्यपुस्तक पढ़वाकर एवं गणित के जोड़-घटाव करवाकर एफएलएन गतिविधियों के तहत दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता परखी। कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यहां के अधिकांश विद्यार्थी गणवेश पहनकर आएं हैं। कलेक्टर ने शिक्षिका को गुणवत्ता में और अधिक सुधार लाने के निर्देश दिये। इसके पूर्व ग्राम झोंकर में बनाए गए किताब घर जंक्शन (लायब्रेरी) का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सरपंच श्रीमती पारीबाई वसुनिया से कहा कि वे लायब्रेरी के लिए किताबें डोनेट करवाएं। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामों में बने किताब घर जंक्शन युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में मददगार होंगे।
ग्राम बेरछा में कलेक्टर ने हायरसेकेण्डरी स्कूल में आईसीटी लैब का भी निरीक्षण कर विद्यार्थियों को कराएं जा रहे अध्ययन की जानकारी ली।
———
राजस्व महा अभियान की गतिविधियों का निरीक्षण
——–
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने ग्राम हनोती, पलसावदसोन, बेरछा एवं मालीखेड़ी का भ्रमण कर यहां राजस्व महा अभियान 2.0 के तहत किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सभी पटवारियों को निर्देश दिये कि ई-केवायसी एवं नक्शा तरमीम के कार्यों में लक्ष्यानुरूप प्रगति लाएं।
भ्रमण के दौरान सहायक कलेक्टर श्री शिवम यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ श्री राजकुमार हलदर एवं डीपीसी श्री राजेन्द्र शिप्रे भी उपस्थित थे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#collectorshajapur
#shajapur #MP