—–
राष्ट्रीय शैक्षणिक सर्वेक्षण–2024 की आवश्यक तैयारियों एवं एफएलएन के संबंध में बैठक संपन्न
—-
कलेक्टर सुश्री ॠजु बाफना की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय शैक्षणिक सर्वेक्षण–2024 की आवश्यक तैयारियों एवं एफएलएन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। जिसमें शाजापुर जिले के सभी विकासखंडों के बीआरसी, जन शिक्षक, बीएससी एवं एनएएस के विषय विशेषज्ञ मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर सुश्री बाफना ने निर्देश दिये कि शिक्षक समय पर विद्यालय में उपस्थित रहकर बच्चों को पढ़ाए। उन्होंने प्रति सप्ताह विकासखण्डवार 5-5 विद्यालयों में टेस्ट लेने के भी निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने रेण्डमली जाँच करने के लिए भी निर्देशित किया। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि जिन विद्यालयों में कम बच्चें हैं, किन्तु शिक्षक अधिक हैं वहां के शिक्षकों को अन्य विद्यालय में नियुक्त करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि विद्यालयों में सभी विषयों के शिक्षक उपलब्ध हो। उन्होंने बीआरसी, बीईओ को निर्देश दिये कि बच्चों के पढ़ाई का स्तर बेहतर हो, इसके लिए देखें कि शिक्षक समय पर स्कूल आ रहे है एवं बच्चों को पढ़ा रहे अथवा नहीं, इसकी रिपोर्ट दें। साथ ही शिक्षकों से स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए यदि आवश्यक हो तो बच्चों के घर तक शिक्षक एवं उनके पालकों से बात कर उन्हें स्कूल में भेजने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान कलेक्टर ने शिक्षकों के प्रशिक्षण में कम स्कोर लाने वाले शिक्षकों का पुन: प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिये।
जिला परियोजना समन्वयक श्री राजेन्द्र शिप्रे द्वारा राष्ट्रीय शैक्षणिक सर्वेक्षण (एनएएस )–2024 की आवश्यक तैयारियों से अवगत कराया और समय-सीमा में कार्य करने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार कक्षा 3, 6 एवं 9 के विद्यार्थियों का राष्ट्रीय शैक्षणिक सर्वेक्षण – 2024 के माध्यम से किया जायेगा। जिसकी तैयारियां कर ली गई हैं तथा उक्त कक्षाओं के विद्यार्थियों से अभ्यास प्रश्न एवं ओलंपियाड के प्रश्न बैंक आदि का अभ्यास करवाया जा रहा है। इस दौरान एफएलएन के श्री रवि द्वारा एफएलएन कक्षा 1, 2, 3 के शैक्षणिक कैलेण्डर, निपुण लक्ष्य, एफएलएन सामग्री, शिक्षक आंकलन, सर्वे रिपोर्ट आदि के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विवेक दुबे सहित सभी विकासखंडों के बीआरसी, जन शिक्षक, बीएससी एवं एनएएस के विषय विशेषज्ञ मौजूद थे।
Department of School Education, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#collectorshajapur
#shajapur #MP