सड़क पर विचरण करने वाले पशुओं को गौशालाओं में भेजें- कलेक्टर सुश्री बाफना ने समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए
शाजापुर, 20 अगस्त 2024/ सभी जनपद पंचायत के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ सड़क पर विचरण करने वाले पशुओं को गौशालाओं में भेजें। उक्त निर्देश कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान दिये। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर सुश्री मनीषा वास्कले, वरिष्ठ जिला कोषालय अधिकारी श्री जीएल गुवाटिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने सभी जनपद पंचायत के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिये कि सड़क पर विचरण करने वाले पशुओं को गौशालाओं में भेजें। साथ ही उन्होंने गौशाला निर्माण के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि अपूर्ण गौशालाओं को समयसीमा में पूर्ण कर उन्हें संचालित कराएं। साथ ही गौशालाओं में चारागाह की भूमि पर नेपियर ग्रास भी लगवाएं। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि किसी भी स्थिति में विद्यालय जर्जर भवनों में संचालित नहीं हो, ऐसे शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के भवनों को डिस्मेंटल करने की कार्यवाही करें। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को राजस्व महाअभियान 2.0 में प्रगति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने सांख्यिकी अधिकारी, सीएमएचओ, सीएस, सीईओ, सीएमओ, ई-गवर्नेंस प्रबंधक को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में देखें कि ऑनलाईन कियोस्क सेंटर अथवा अन्य ऐजेंसी के माध्यम से फर्जी प्रमाण पत्र तो नहीं बनाए जा रहे हैं। यदि फर्जी प्रमाण पत्र बनाने की सूचना अथवा जानकारी उन्हें मिलती है तो संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई कर एफआईआर दर्ज कराएं।
कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये कि वे विद्यालयों के वाहनों सहित अन्य यात्री वाहनों की नियमित चेकिंग करें एवं संचालित हो रहे अनफिट वाहनों पर कार्यवाही करें। साथ ही उन्होंने ब्लैक स्पॉट स्थानों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने शासकीय भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर सुश्री बाफना ने आयुष्मान कार्ड बनाने से शेष बचे हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश सीएमएचओ को दिये। डीपीसी को विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में लायब्रेरी की स्थापना, स्वास्थ्य, लोक सेवा अभियान, खाद्य, लंबित पेंशन प्रकरण, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के तहत प्राप्त शिकायतों सहित अन्य बिन्दुओं पर समीक्षा भी की गई।