एबी रोड पर मक्सी के समीप बरंडवा जोड़ पर ट्रांसफॉर्मर से भरा मिनी ट्रक सड़क पर ही बगैर इंडिकेटर दिए खड़ा था। इसी दौरान रात 12 बजे के बाद प्याज भरकर जा रहा ट्रक अंधेरे में ट्रांसफॉर्मर वाले ट्रक में जा घुसा। इससे प्याज भरे हुए ट्रक में सवार चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इसमें से एक की हालत गंभीर होने पर इंदौर रैफर कर दिया। मक्सी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार ट्रक (एमपी 04 जीए 1847) जिसमें बिजली कंपनी के ट्रांसफॉर्मर भरे हुए थे वो बरंडवा के समीप एबी रोड पर अंधेरे में खड़ा था। इसके इंडिकेटर भी बंद थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे के बाद पीछे से आ रहा प्याज भरा ट्रक (यूपी 81 बीटी 9843) इसमें जा घुसा।
हादसे में प्याज भरे ट्रक में सवार चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। इधर ट्रक की टक्कर से आगे वाले ट्रक में भरे ट्रांसफॉर्मर उछलकर हाइवे पर बिखर गए। इन्हें बाद में साइड में किया गया।
मक्सी थाना प्रभारी गोपालसिंह चौहान ने बताया हादसे में तीन लोग घायल हुए थे। इसमें से एक को गंभीर होने पर इंदौर रैफर किया गया। शेष दो को सामान्य चोट थी।
टीआइ चौहान ने बताया कि हाइवे पर बगैर इंडिकेटर अंधेरे में ट्रक खड़ा रहने से दूसरा ट्रक इसमें पीछे से घुस गया।