रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के रावटी में ग्वालियर के शीतला माता मंदिर जैसी एक बड़ी दुर्घटना होने से बाल-बाल बच गई। यहां के बेहद व्यस्ततम बाजार क्षेत्र में महुआ से भरा एक अनियंत्रित ट्रक अचानक एक नमकीन और मिठाई की दुकान में जा घुसा। गनीमत यह रही कि ट्रक दीवार से टकराकर रुक गया, वरना दुकान के अंदर मौजूद व्यापारी का पूरा परिवार उसकी चपेट में आ जाता। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय बाजार में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
🛑 सकरी सड़कों के कारण बनी रहती है खतरे की स्थिति: पुलिस ने ट्रक जब्त कर शुरू की जांच
घटना शनिवार सुबह रावटी बस स्टैंड क्षेत्र की है, जहां सड़क बेहद संकरी होने के कारण भारी वाहन और बसें अक्सर परेशानी का सबब बनते हैं। स्थानीय निवासी प्रहलाद राठौड़ ने बताया कि आगे दुकान और पीछे घर होने के कारण परिवार अंदर ही मौजूद था। सुबह जोरदार आवाज के साथ ट्रक घुसने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रावटी थाना प्रभारी मनीष डावर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक को जब्त कर थाने ले आए। पुलिस अब महुआ परिवहन के कागजातों और ड्राइवर से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।