अब लाड़ी को भी ले आओ राशन मिलने लगेगा,शाजापुर की सम्पत बाई से वीडियो कांफ्रेंसिंग से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा

शाजापुर, 19 अगस्त 2020/ खाद्यान्न पात्रता पर्ची से वंचित परिवारों को खाद्यान्न पर्ची प्रदान करने के लिए विशेष अभियान शुरू करने के संबंध में आज मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इन्दौर एवं उज्जैन संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स एवं नवीन पात्रता पर्ची प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं से चर्चा की। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान शाजापुर की श्रीमती सम्पत बाई एवं श्रीमती फरीदा बी से मुख्मंत्री श्री चौहान ने चर्चा की। चर्चा के दौरान सम्पत बाई से मुख्यमंत्री जी ने पूछा कि उनके परिवार में कितने सदस्य हैं। सम्पत बाई ने बताया कि उसके परिवार में वह और एक पुत्र कुल दो सदस्य हैं। मुख्यमंत्री जी ने पूछा कि पुत्र क्या करता है और क्या उसका विवाह कर दिया है। सम्पत बाई ने बताया कि पुत्र मजदूरी करता है और उसका विवाह कर दिया है किन्तु गरीबी के कारण लाड़ी मायके चली गई है आ नहीं रही है, इसलिये खाद्यान्न पर्ची में उसका नाम दर्ज नहीं कराया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लाड़ी को खबर कर दो कि मामा ने खाद्यान्न की व्यवस्था कर दी है, अब ससुराल वापस आ जाओ। साथ ही सम्पत बाई से कहा कि अब वह लाड़ी को लेकर आ जाए, अब उसे खाद्यान्न की चिन्ता करने की जरूरत नहीं है।

वीडियो कांफ्रेंसिंग में खाद्यान्न पर्ची की पात्रता रखने वालो को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब ऐसी व्यवस्था करेंगे कि पात्रताधारी प्रत्येक परिवार के प्रत्येक सदस्य को एक रूपये प्रति किलो में नमक, गेहूं एवं चावल मिलने लगे। उन्होंने कहा कि यह खुशी का दिन है कि छूटे हुए सभी परिवारों को खाद्यान्न पर्ची दी जायेगी। उन्होंने कहा कि कुछ परिवार नियमों के कारण खाद्यान्न पर्ची से वंचित रह गये थे, ऐसे सभी परिवारों को खाद्यान्न पर्ची दी जायेगी। प्रदेश में 01 सितंबर 2020 को सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर एक साथ छूटे हुए परिवारों को राशन वितरण का कार्य शुरू किया जायेगा। एक सितम्बर 2020 ऐतिहासिक दिन होगा, जहाँ वर्षों पुरानी मांग पूरी हो रही है। प्रदेश में 32 लाख परिवारों को पहले से राशन प्रदान किया जा रहा है, किन्तु लगभग 5 लाख परिवार छूट गए थे, उन्हें अब सम्मिलित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त तक प्रदेश में 18 लाख 30 हजार परिवारो को पात्रता पर्ची वितरित कर दी गई है। अब 31 अगस्त तक 18 लाख 56 हजार परिवारों को पात्रता पर्ची वितरित कर दी जायेगी। खाद्यान्न पर्ची से परिवारों के प्रत्येक सदस्यों को 5 किलो गेहूं/चावल 1 रूपये प्रति किलोग्राम की दर से दिया जायेगा। साथ ही माह नवम्बर 2020 तक प्रत्येक सदस्य को 5 किलोग्राम गेहूं/चावल नि:शुल्क दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि रोटी पर गरीबों का हक है। जीवन जीने के लिए अनाज सर्वोच्च प्राथमिकता में आता है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से कहा कि दिये जा रहे राशन का उपयोग अपने घर परिवार के लिए ही हो, इसका सदुपयोग होना चाहिये, ताकि परिवार के सभी सदस्यों को भरपेट भोजन मिले। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से कहा कि दिये गये राशन का दुरूपयोग नहीं करें। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं की आधार सीडिंग नहीं हुई है वे अपनी आधार सीडिंग भी करा लें। वन नेशन वन राशन कार्ड के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि उपभोक्ता प्रदेश में किसी भी राशन दुकान से अनाज ले सकते हैं। यदि वे किसी अन्य राज्य में या बाहर काम करने गए हैं तो वहां से भी वे राशन प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक कल्याण की विभिन्न योजनाओं जैसे स्ट्रीट वेंडर योजना, संबल योजना, सस्ती बिजली, विवाह सहायता योजना, दुर्घटना में मृत्यु होने पर सहायता योजना, उपचार योजना, अंतिम संस्कार पर दी जाने वाली सहायता आदि की जानकारी दी।

इसके लिए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिये हैं कि 31 अगस्त तक छूटे हुए सभी परिवारों को पात्रता पर्ची वितरित हो जाए। नवीन पात्रता पर्ची वितरण के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि एम राशन पोर्टल से उपभोक्ता अपनी राशन पर्ची निकाल सकते हैं। जो उपभोक्ता पर्ची नहीं निकाल पा रहे हैं उनके घर पर्ची पहुंचाने का इंतजाम कलेक्टर करे। पर्ची वितरण में किसी तरह की लापरहवाही नहीं होना चाहिये। वीडियो कांफ्रेंसिंग में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह एवं मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैस ने भी चर्चा की। शाजापुर में कलेक्टर श्री दिनेश जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती मंजूषा विक्रांत राय, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एच.आर. सुमन उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि शाजापुर जिले में 11862 संभावित परिवार हैं, जिन्हें नवीन पात्रता पर्ची दी जाना है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के पूर्व श्रीमती सम्पत बाई एवं श्रीमती फरीदा बी को नवीन पात्रता पर्ची प्रदान की गई।

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गुरुग्राम में स्व. श्री झा के परिजनों को बंधाया ढाँढस     |     तीन संकुल प्राचार्यो की एक-एक वेतन वृद्धि तथा दो संकुल प्राचार्यों के प्रभार बदलने के दिए निर्देश रोकने के निर्देश     |     Dewas कलेक्टर श्री गुप्ता ने आरोपी वसीम कुरैशी पर की रासुका की कार्यवाही     |     Ujjain पुलिस ने किया सैंट पॉल स्कूल के सामने युवक की गला रेतकर हत्या करने वाले 03 आरोपियों को गिरफ्तार। 04 घंटो के भीतर किया घटना में शामिल तीनों आरोपियों को जिला देवास से राउंड अप, पुराने विवाद के चलते की गई थी हत्या     |     राजस्व प्रकरणों के निराकरण में प्रदेश में उज्जैन संभाग द्वितीय स्थान पर, राजस्व के प्रकरणों का निराकरण करने में यह कोशिश की जाये कि जिलों में जीरो टॉलरेंस रहे     |     उज्जैन में लगभग 1 लाख पौधे लगाये जायेंगे,वृहद पौधारोपण की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक आयोजित, हरियाली अमावस्या के अवसर पर वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जायेगा     |     नीमच जिले की सभी ग्राम पंचायतों में एक दिन में रौपे गए 50 हजार से अधिक पौधे     |     कालापीपल पॉनखेड़ी जल शोधन संयंत्र पुनः प्रारंभ     |     ई-केवायसी एवं आधार अपडेशन के लिए शाजापुर जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों में पुन: शिविर लगेंगे     |     राजस्व अधिकारी, नक्शा तरमीम के कार्य को प्राथमिकता दें- कलेक्टर सुश्री बाफना ने राजस्व महा अभियान के तहत लगाए गए शिविरों के निरीक्षण पर कहा,ग्रामीणों से की मुलाकात, पौधरोपण किया     |