शाजापुर. मक्सी से आए दुग्ध उत्पादक किसानों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा। इसमें बताया गया कि हम लोग मवेशियों से दुग्ध उत्पादन करके मक्सी में अलग-अलग डेयरियों पर विक्रय करते हैं। डेयरी विक्रेता तो कम दाम दिए जाते हैं, लोगों से ज्यादा भाव लेते हैं। जब हम भाव बढ़ाने की बात करते हैं तो हमें धमकाया जाता है।
डिप्टी कलेक्टर महेंद्रप्रताप सिंह किरार को सौंपे ज्ञापन में दुग्ध उत्पादक किसानों ने बताया पहले हमें 8.60 रुपए प्रति फैट के मान से भाव दिया जाता था। अब 5.60 रुपए कर दिया है। इंदौर में दुग्ध संघ का भाव 7.20 रुपए प्रति फैट चल रहा हैं। भाव कम देने के बारे में पूछा तो संचालकों ने कहा आगे से ही भाव कम आ रहे हैं, जबकि हमने दूसरी जगह तलाश किया तो वहां भाव कम नहीं हुआ है। ऐसे में हम दूसरी डेयरियों पर दूध नहीं बेच सकते क्योंकि डेयरी पर एक साल का एग्रीमेंट रहता है। इस मामले में दुग्ध उत्पादक किसानों ने दूध का उचित दाम दिलवाए जाने की मांग की है।