देवास। शारदीय नवरात्रि पर्व के सातवें दिन शनिवार देर रात देवास स्थित प्रसिद्ध माता टेकरी पर माताजी के दर्शन हेतु हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में देवास पुलिस द्वारा सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए। अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों ने मौके पर तैनात रहकर सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की।
🔍 पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने किया सतत निरीक्षण: ड्यूटी पर तैनात जवानों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद द्वारा देर रात स्वयं माता टेकरी परिसर एवं प्रमुख दर्शन मार्गों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ के दबाव और यातायात व्यवस्था का बारीक निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
📹 कंट्रोल रूम से CCTV कैमरों द्वारा निगरानी: देवास पुलिस ने श्रद्धालुओं से की अनुशासित दर्शन की अपील
माता टेकरी पर स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रवेश-निकास द्वारों और प्रमुख मार्गों की CCTV कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग की गई। देवास पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि दर्शन के दौरान निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, कतारबद्ध होकर दर्शन करें और अनावश्यक भीड़ न लगाएं। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या सहायता के लिए तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें।