MP News Today: लाड़ली बहना योजना में नए पंजीयन की तैयारी, मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल बोले—जल्द घोषित होगी तारीख
भोपाल। अगर आप मध्य प्रदेश की निवासी हैं और किसी कारणवश ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ का लाभ लेने से वंचित रह गई थीं, तो आपके लिए राहत भरी खबर है। मोहन यादव सरकार ऐसी सभी छूटी हुई महिलाओं का नाम योजना में जोड़ने की योजना बना रही है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को छूटी हुई पात्र महिलाओं की संख्या का आकलन करने और उनके पंजीयन के लिए जल्द से जल्द पोर्टल खोलने के निर्देश जारी किए हैं।
📝 जल्द घोषित होगी नए रजिस्ट्रेशन की तारीख, पहले कराया जा रहा है छूटी हुई महिलाओं का आकलन
मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की किस्तों के अंतरण के साथ ही छूटी हुई महिलाओं को जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया है। फिलहाल सरकार यह पता लगा रही है कि प्रदेश में कुल कितनी पात्र महिलाएं योजना से बाहर रह गई हैं और उनका पंजीयन किस प्रक्रिया के तहत सुगमता से किया जा सकता है। सर्वे और संख्या का सटीक आकलन पूरा होते ही नए पंजीयन की समय-सीमा और पोर्टल खोलने की आधिकारिक तिथि घोषित कर दी जाएगी।
💰 अक्टूबर तक भेजी जा चुकी हैं 41 किश्तें, विपक्षी दल कांग्रेस ने साधा निशाना
उल्लेखनीय है कि जून 2023 से शुरू हुई इस योजना के तहत लगभग 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने उमरिया जिले के गुरुवाही में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के जरिए 41वीं किस्त के रूप में 1,834 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में ट्रांसफर की। उधर, योजना का पोर्टल फिर से खोलने की तैयारी पर विपक्ष ने हमला बोला है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने आरोप लगाया कि आगामी चुनावों को देखते हुए सरकार को अब छूटी हुई महिलाओं की याद आ रही है।