Burhanpur News: कलेक्टर हर्ष सिंह का बड़ा एक्शन, काम में लापरवाही पर 10 पटवारी बर्खास्त और 5 निलंबित
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में राजस्व विभाग के पटवारियों पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। कलेक्टर हर्ष सिंह ने शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर 15 पटवारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। जारी आदेश के तहत सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में ढिलाई बरतने वाले 10 परिवीक्षाधीन (Probationary) पटवारियों की सेवा समाप्त (बर्खास्त) कर दी गई है, जबकि 5 अन्य स्थाई पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक और राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है।
📜 स्वामित्व योजना और e-KYC का विरोध पड़ा भारी, एसडीएम की रिपोर्ट पर हुआ एक्शन
एसडीएम द्वारा प्रस्तुत की गई जांच रिपोर्ट के अनुसार, पटवारियों को शासन की अति-महत्वपूर्ण ‘स्वामित्व योजना’, अधिकार अभिलेख निर्माण, किसान फार्मर आईडी और ई-केवाईसी (e-KYC) जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किए जाने के बावजूद संबंधित पटवारियों द्वारा न केवल प्रगति में लापरवाही बरती जा रही थी, बल्कि लगातार स्वामित्व योजना के कार्यों का विरोध भी किया जा रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कलेक्टर ने यह कड़ी कार्रवाई की है।
⚠️ तत्काल बस्ते जमा कराने के निर्देश, प्रदेशभर में चल रहा है पटवारियों पर सख्त रुख
कलेक्टर के आदेशानुसार बुरहानपुर अनुभाग के अमित चौरसिया, महिमा थड्डानी, विशाल रघुवंशी, अभय भट्ट, शिवम गुप्ता और नेपानगर अनुभाग के अजय पवार, नीतू सिंह तोमर, रूद्र प्रताप सिंह, सतीश शर्मा, राहुल लोधी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इसके साथ ही कलेक्टर ने सभी संबंधित पटवारियों से तत्काल शासकीय बस्ते जमा कराने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि स्वामित्व योजना के विरोध पर इससे पहले छिंदवाड़ा और देवास में भी कई पटवारियों पर गाज गिर चुकी है।