देवास जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर स्थित नगर बागली में शुक्रवार सुबह एक अजीबोगरीब और तनावपूर्ण मामला सामने आया। नगर का ही रहने वाला एक युवक अचानक करीब 150 फीट ऊंचे बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। घटना की भनक लगते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बागली थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश देने का प्रयास शुरू किया।
⚠️ कुछ दिन पहले भी इसी टावर पर चढ़ी थी एक युवती, सुरक्षा इंतजामों पर उठ रहे बड़े सवाल
गौरतलब है कि यह वही मोबाइल टावर है जिस पर कुछ दिन पहले एक युवती भी चढ़ गई थी और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सका था। उस घटना के दौरान युवती के प्रेमी और स्वजन को बुलाकर समझाइश दी गई थी। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद प्रशासन या संबंधित विभाग द्वारा टावर तक आम व्यक्ति के प्रवेश को रोकने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिसका नतीजा है कि इस तरह की घटनाएं दोबारा सामने आ रही हैं।
💰 पारिवारिक लेनदेन से परेशान है युवक प्रकाश, परिजन और पुलिस दे रहे समझाइश
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मोबाइल टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान प्रकाश के रूप में हुई है, जो बागली के जगदीश मंदिर क्षेत्र का निवासी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, उसका अपने ही परिवार के कुछ सदस्यों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी लाखों रुपये के वित्तीय लेनदेन और मानसिक परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके परिवार के सदस्य, मित्र और परिचित भी मौके पर पहुंच गए हैं और सभी मिलकर उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं।