मक्सी/कनासिया – कोलपिंग कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, कनासिया में सत्र 2025–26 का ग्रेजुएशन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए न केवल एक यादगार अवसर रहा, बल्कि उनके शैक्षणिक जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव का उत्सव भी बना।
कार्यक्रम में अध्यक्ष के रूप में फादर सेबेस्टियन की गरिमामयी उपस्थिति रही, वहीं मुख्य अतिथि के रूप में बी.आर.सी. अधिकारी, तराना श्री बजरंग प्रताप सिंह तोमर जी उपस्थित रहे। इसके साथ ही पालक शिक्षक संघ के अध्यक्ष श्री अमर सिंह तोमर जी, विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर लिटिल फ्लॉवर, तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षण एवं अशिक्षण स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को और भी भव्य बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। तत्पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने रंग-बिरंगी वेशभूषा में मंच पर अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा वातावरण आनंद एवं उल्लास से भर गया।
मुख्य अतिथि श्री बजरंग प्रताप सिंह तोमर जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि ये नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी अपनी रंग-बिरंगी वेशभूषा में अत्यंत मनमोहक प्रतीत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का ग्रेजुएशन समारोह विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान करने के साथ-साथ उनके भीतर शिक्षा के प्रति उत्सुकता, जागरूकता एवं आत्मविश्वास को विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

अध्यक्षीय उद्बोधन में फादर सेबेस्टियन ने अत्यंत प्रेरणादायक विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा केवल विषय ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसमें नैतिक मूल्य, संस्कार एवं जीवन मूल्यों का समावेश होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोलपिंग विद्यालय परिवार निरंतर “Knowledge and Work for Progress” के मूलमंत्र पर कार्य करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षक ही वह सच्चा गुरु होता है, जो विद्यार्थियों को अज्ञान रूपी अंधकार से ज्ञान रूपी प्रकाश की ओर ले जाता है।
कार्यक्रम में नैतिक मूल्यों, सामाजिक समस्याओं, जागरूकता, शिक्षा एवं मनोरंजन पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने दर्शकों को न केवल आनंदित किया, बल्कि उन्हें प्रेरित भी किया। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति ने सभी को प्रभावित किया।

इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया एवं बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला, क्योंकि यह सत्र 2025–26 का अंतिम कार्यक्रम था। परीक्षाओं के समापन के पश्चात विद्यार्थियों ने इस समारोह का भरपूर आनंद लिया और पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन में किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए :
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :