शाजापुर
—
➡️ समयसीमा पत्रों एवं विभागीय समन्वय बैठक संपन्न
कलेक्टर सुश्री बाफना ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये कि पात्र पशुपालकों का चयन कर ज्यादा से ज्यादा पशु केसीसी ऋण दिलवाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज समयसीमा पत्रों एवं विभागीय समन्वय की बैठक में दिये। इस दौरान कलेक्टर सुश्री बाफना ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिये कि वे शासकीय सेवकों को टर्म लोन दें। साथ ही सभी विभाग प्रमुख अपने अधिनस्थों से कहें कि वे आवास, व्यक्तिगत एवं वाहन ऋण की आवश्यकता होने पर जिले की जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित की शाखाओं से टर्म लोन ले सकते हैं।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारी को निर्देश दिये कि किसानों के रास्ते के विवादों के प्रकरण त्वरित गति से निराकृत करें। तहसीलदार एवं पटवारी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर प्रकरणों का निराकरण करें एवं विवाद की स्थिति निर्मित नहीं होने दें। उन्होंने निर्देश दिये कि विवादित सीमांकन के निराकरण के लिए अनुविभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने निर्देश दिये कि जिन शासन संधारित मंदिरों में पुजारी नहीं है, वहां पर पुजारियों की नियुक्ति करें। कलेक्टर ने नगरीय निकाय एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ईकेवायसी के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने निर्देश दिये कि नगरीय क्षेत्र में सभी को अवगत कराएं कि ईकेवायसी होने के उपरांत ही शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने जिले के उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निजी क्षेत्र में उपलब्ध उर्वरकों के भण्डारण का वेरीफिकेशन कराने के निर्देश भी दिये।
कलेक्टर द्वारा आंगनवाड़ियों में 0 से 06 वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा (ईसीसी) की निगरानी/निरीक्षण के लिए एक-एक अधिकारी की ड्यूटी लगाकर उन्हें 5-5 आंगनवाड़ी केन्द्र सौंपे गये हैं। कलेक्टर सुश्री बाफना ने महिला एवं बाल विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे आंगनवाड़ियों का निरीक्षण कर गतिविधियों का आंकलन करें, व्यवस्थाओं को देखें और सुधार के उपाय भी करें।
जलनिगम के अधिकारी को कलेक्टर ने निर्देश दिये कि गुणवत्तापूर्ण रोड रेस्टोरेशन का कार्य कराएं। सड़क निर्माण से संबंधित विभाग रोड रेस्टोरेशन का कार्य गुणवत्तापूर्ण हुआ है या नहीं, इसकी रिपोर्ट दें। कलेक्टर सुश्री बाफना ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ग्रामों की नलजल योजनाओं का ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए सिविल सर्जन को निर्देश दिये कि मरीजों का स्थानीय चिकित्सालय में ही उपचार करें। कम से कम रेफर प्रकरण हो यह सुनिश्चित करें। मत्स्य विभाग के अधिकारी को खेत तालाब बनाने वाले किसानों को मछली पालन का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिये।
इस मौके पर उन्होंने सीएम डेशबोर्ड में उल्लेखित योजनाओं, लंबित पेंशन प्रकरणों, प्रधानमंत्री शहरी एवं ग्रामीण आवास, जल गंगा संवर्धन अभियान, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के तहत प्राप्त शिकायतों के निराकरण एवं जिला स्तरीय समाधान के जरिये मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त चयनित शिकायतो की समीक्षा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर श्रीमती अर्चना कुमारी, अनुविभागीय अधिकारी गुलाना श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री राजकुमार हलदर व सुश्री नेहा गंगारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
#TL #MadhyaPradesh #collectorshajapur #shajapur