शाजापुर, 09 अगस्त 2024/ कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज डॉ. भीमराव अम्बेडकर जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण कर मरीजों के उपचार की स्थिति का आंकलन किया। इस दौरान कलेक्टर ने मरीजों से चर्चा की, मरीजों के पर्चे भी देखे। कलेक्टर ने सीटी स्कैन के लिए नियुक्त थीटा एजेंसी के कार्यों का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि बीपीएल एवं आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों से किसी भी तरह की राशि नहीं लें। कलेक्टर ने नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री राजकुमार हलदर को एजेंसी के कार्य पर नजर रखने और जिन लोगों के सीटी स्कैन हुए हैं, उनसे चर्चा करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने मेटरनिटी विंग में प्रसवपूर्व एवं प्रसव पश्चात वार्डों का निरीक्षण कर यहां भर्ती माताओं से चर्चा की। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि मेटरनिटी विंग सहित अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ एक वक्त में एक ही अटेण्डर की उपस्थिति रखें। अन्य अटेण्डर्स को अस्पताल में भीड़ नहीं बढ़ाने दें। इस मौके पर कलेक्टर ने महिला प्रसाधन की स्वच्छता का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने नियमित सफाई करने एवं मरीजों की बेडशीट प्रतिदिन बदलने के निर्देश दिये।
इसके उपरांत कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों इस चिकित्सालय का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया था। इसके उपरांत अस्पताल में मरीजों का उपचार शुरू हो गया है। कलेक्टर ने सोनोग्राफी करने वाले चिकित्सकों को निर्देश दिये कि वे सोनोग्राफी में विलंब नहीं करें। कलेक्टर ने सिविल सर्जन डॉ. एमके जोशी को चिकित्सालय में नियमित निरीक्षण कर कमियों की पूर्ति करने के निर्देश दिये। साथ ही कलेक्टर ने चिकित्सालय परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था बनाने के निर्देश भी दिये।









