मतगणना की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा अधिकारियों की बैठक ली, प्रेसवार्ता भी हुई,, लोकसभा निर्वाचन के लिए शाजापुर जिला मुख्यालय पर ईवीएम के 5,31,428 मतों की गणना होगी
शाजापुर
—–
लोकसभा निर्वाचन-2024 के लिए 04 जून 2024 को होने वाली मतगणना के लिए बनाए गए नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋजु बाफना ने तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर श्रीमती अर्चना कुमारी, सहायक कलेक्टर श्री शिवम यादव, अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर सुश्री मनीषा वास्कले एवं डिप्टी कलेक्टर श्री राजकुमार हलदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय साल्विया को निर्देश दिये कि मतगणना स्थल पर आकस्मिक चिकित्सा कक्ष बनाकर यहां बेड लगवाएं और आवश्यक दवाईयां भी रखें। सीएमओ नगरपालिका डॉ. मधु सक्सेना को कलेक्टर ने निर्देश दिये कि मतगणना स्थल पर सफाई और पेयजल की सतत व्यवस्था बनाए रखें। मतगणना स्थल पर चलित शौचालयों की भी व्यवस्था रखें। कलेक्टर ने कहा कि मतगणना स्थल पर मोबाईल का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। अत: कोई भी अधिकारी मोबाईल लेकर नहीं जाए। भू-अभिलेख अधीक्षक निर्वाचन के लिए तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों व श्रमिकों के प्रवेश पत्र बनाएं। इस मौके पर अन्य बिन्दुओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
——
संसदीय क्षेत्र 21-देवास में ईवीएम के 14 लाख 63 हजार 743 मतों की गणना की जायेगी
—-
लोकसभा निर्वाचन-2024 के लिए संसदीय निर्वाचन क्षेत्र-21 देवास में आने वाली आठों विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम में प्राप्त 14 लाख 63 हजार 743 मतों की गणना संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के जिला मुख्यालयों पर होगी। शाजापुर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम से प्राप्त 5 लाख 31 हजार 428 मतों की गणना जिला मुख्यालय स्थित शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में होगी। उक्त जानकारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋजु बाफना ने आज पत्रकारों के साथ संपन्न हुई बैठक में दी।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने मीडिया प्रतिनिधियों को मतगणना के लिए की गई संपूर्ण तैयारी से अवगत कराया। कलेक्टर ने बताया कि ईवीएम से प्राप्त मतों की गणना तीन कक्षों में होगी। शाजापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 18 एवं शुजालपुर एवं कालापीपल के लिए 14-14 टेबलें लगाई जायेगी। शाजापुर विधानसभा क्षेत्र में 18 राउंड तथा शुजालपुर एवं कालापीपल में 19-19 राउंड में मतगणना संपन्न होगी। पोस्टल बैलेट की गणना के लिए अलग कक्ष बनाया गया है। मतगणना स्थल पर आकस्मिक चिकित्सा कक्ष भी बनाया जायेगा। कलेक्टर ने बताया कि 04 जून 2024 को स्ट्रांग रूम निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में प्रात: 7.00 बजे से 7.30 बजे के बीच खोला जायेगा। सर्वप्रथम प्रात: 8.00 बजे डाक मतपत्रों की गणना शुरू होगी। इसके उपरांत प्रात: 8.30 बजे से ईवीएम से प्राप्त मतों की गणना की जायेगी। मीडिया कक्ष में राउण्डवार प्राप्त मतों की जानकारी डिस्प्ले की जायेगी। कलेक्टर ने बताया कि जिले में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। निर्वाचन परिणाम की घोषणा आठों विधानसभा क्षेत्रों से जानकारी प्राप्त होने के उपरांत की जायेगी। मतगणना परिसर में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश को रोकने के लिए त्रि-चक्रीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर डॉ. वीपी मीणा ने मतगणना की तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर सहायक कलेक्टर श्री शिवम यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर सहित मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।


Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
#LokSabhaElections2024
#GeneralElections2024
#shajapurelection2024
#Election2024
#shajapur #MP
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
#LokSabhaElections2024
#GeneralElections2024
#Election2024
#shajapurelection2024
#shajapur #MP