षष्ठम जिला न्यायाधीश श्रीमती नीतूकान्ता वर्मा एवं उनके पति डॉ. अमित राज ने रक्तदान कर आम जन को प्रोत्साहित किया — 25 यूनिट ब्लड एकत्रित
शाजापुर
—
मुख्य संरक्षक मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाजापुर के तत्वाधान में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री ललित किशोर के मार्गदर्शन में आज 04 मई 2024 को ए.डी.आर. सेन्टर भवन जिला न्यायालय परिसर शाजापुर में जिला चिकित्सालय शाजापुर ब्लड बैंक के सहयोग से आज कोर्ट परिसर में रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया। उक्त रक्तदान शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री सिराज अली के निर्देशन में आयोजित हुआ। रक्तदान शिविर में सर्वप्रथम षष्ठम जिला न्यायाधीश श्रीमती नीतूकान्ता वर्मा एवं उनके पति डॉ. अमित राज ने रक्तदान किया और सभी को प्रोत्साहित करते हुए कहा की रक्त की हर बूंद संजीवनी है। स्वैच्छिक रक्तदान कर किसी की जान बचाने के लिए पुनित कार्य के लिए आमजन आगे आयें।
इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में कोई भी रक्तदाता शमिल होकर जरूरतमदों की मदद के लिए खून दे सकता है। यह बात जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री ललित किशोर ने अपील करते हुए कहा की आपके द्वारा किया गया रक्तदान किसी को भी जीवन दे सकता है। परोपकार करना हो तो करो रक्तदान, इससे लोगों का जीवन बचाने का सौभाग्य मिलता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव द्वारा लोगों को बताया गया कि रक्तदान करने से खून का थक्का नहीं जमता, जिससे हार्ट अटैक की आशंका बहुत कम हो जाती है। प्रत्येक तीन माह पश्चात रक्तदान किया जा सकता है। शरीर में ऊर्जा का संचार होता है। नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण से शरीर स्वस्थ रहता है। लीवर से जुड़ी बीमारियों व कैंसर की संभावना कम होती है। शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित होती है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करके अधिकतम 65 वर्ष की आयु के व्यक्ति यदि स्वस्थ है तो वे रक्तदान कर सकते है। इस अवसर पर 25 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जिससे 25 यूनिट ब्लड एकत्रित कर ब्लड बैंक को सौंपा गया।
रक्तदान शिविर में जिला न्यायालय शाजापुर के न्यायाधीश, अधिवक्तागण, पीएलव्ही, जेल विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने भी बढचढ कर हिस्सा लिया। कुछ रक्तदाताओं ने बताया कि वे साल भर में दो बार रक्तदान करते है और कई वर्षों से रक्तदान करते आ रहे है। रक्तदान के पश्चात, स्वास्थ्य विभाग की ओर से रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र भी भेंट किए गए।
#jansamparkshajapur

