*शाजापुर :-* शाजापुर से लेकर तमाम अंचल में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। गिरवर स्थित ईदगाह पर इबादत में हजारों सिर झुके और दुआए ख़ैर के साथ ईद का पर्व शांति व भाईचारे के साथ संपन्न हुआ। गले मिलकर लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।
बुधवार शाम ईद-उल-फितर का चांद नज़र आया। चांद नज़र आते ही लोगों ने अल्लाह का शुक्र अदा किया और एक-दूसरे को ईद की बधाई दी। ईदुल फ़ित्र की नमाज़ प्रातः 8:30 बजे ईदगाह में अदा की गई। ईद का चांद नज़र आते ही लोगों ने आतिशबाजी कर खुशियां भी मनाईं। गुरुवार को सुबह से ही ईद की नमाज़ को लेकर उत्साह के साथ मुस्लिम ग्राम गिरवर स्थित ईदगाह मस्जिद पहुंचने लगे थे। 8:30 बजे तक हज़ारों का मजमा ईदगाह के मुसल्ले पर ख़ुदा को सजदा करने खड़ा हो गया। यहां हाफ़िज़ अब्दुल ग़फ्फार साहब ने नमाज़ पढ़ाई और ख़ुतबा शहर काज़ी मोहसिन उल्ला साहब ने बयान किया। नमाज से पूर्व ईद का संदेश काज़ी एहसान उल्ला साहब और नायब काज़ी रेहमत उल्ला साहब ने दिया। अंजुमन कमेटी के सदर हाजी नईम कुरैशी, खजाँची हाजी इब्राहिम पठान, सीरत कमेटी के सदर असलम अली शाह ने शहर काज़ी को दस्तार बांधकर मुस्लिम समाज की जानिब से मुबारक़बाद पैश की। ईद के मौके पर गिरवर स्थित ईदगाह मस्जिद में ईद का मेला भी लगा। यहां बच्चों के खिलौने से लेकर खाने-पीने के कई स्टॉल लगाये गये। ईद के पकवानों की खास दुकानें भी सजाई गईं।
जगह जगह स्वागत और पानी-शरबत का वितरण
ईदगाह में हज़ारों की संख्या में पहुंचे लोगों के लिए रास्ते भर पानी-शरबत और स्वागत की व्यवस्था की गई थीं। अंजुमन कमेटी ने ईदगाह रोड़ पर नमाज़ियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। वहीं काज़ी साहब और ईमाम साहब का सम्मान किया। ज़िला प्रशासन ने ईद का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाने को लेकर माकूल इंतज़ाम किये थे। नगर पालिका ने मार्ग की सफाई के साथ पीने के पानी के टेंकर रखे। जबकि पुलिस ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की। सभी के प्रयास से ईद का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ शांति पूर्वक संपन्न हो गया।
नमाज़ का समय कम करने से उत्साह
ईद की नमाज़ का समय कम करने से मुस्लिम समाज में उत्साह देखा गया। अव्वल समय में नमाज़ के एलान ने लोगों में ईद के जश्न को दोगुना कर दिया और पूर्व की तुलना में हज़ारों की संख्या में मुस्लिम ईदगाह में नमाज़ के लिए पहुंचे। काज़ी साहब के द्वारा ईद की नमाज़ आधा घंटा पूर्व करवाने के एलान का स्वागत करते हुए अंजुमन कमेटी ने मस्जिद बैतूल हम्द में होने वाली नमाज़ को मुल्तवी कर दिया और वहां के लोगों ने ईदगाह पर नमाज़ अदा की। काज़ी एहसान उल्ला, काज़ी मोहसिन उल्ला और नायब काज़ी रेहमत उल्ला का समाज ने आभार माना।
कलेक्टर एसपी ने शुभकामनायें दीं
मुस्लिम समाज के सबसे बड़े पर्व ईद की कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना और एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने बधाई दी। अधिकारी द्वय काज़ी एहसान उल्ला साहब के निवास पर पहुंचे और शुभकामनायें दीं। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने कहा कि ईद पर्व एकता व भाईचारे के साथ संयम का संदेश देता है। हमें अपने जीवन में संयमित आचरण को अपनाकर एकता व सदभावना की ईद जैसे महान पर्व से प्रेरणा लेनी चाहिए। एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने बधाई देते हुए कहा कि ईद सभी को शांतिपूर्ण जीवन जीने और समाज की समृद्धि के लिए कार्य करने के लिए प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र माह के बाद मनाया जाने वाली ईद आपसी प्रेम, भाईचारा और करुणा सिखाती है। इस अवसर पर काज़ी मोहसिन उल्ला, नायब काज़ी रेहमत उल्ला, अंजुमन कमेटी के सदर हाजी नईम कुरैशी, हाजी सेठ इब्राहिम पठान, पार्षद काज़ी समी उल्ला, भैय्या काज़ी सहित परिवारजन मौजूद थे।