मतदान दलों द्वारा की जाने वाली बेसिक गलतियों को सुधारने पर विशेष जोर दें- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री बाफना ने विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण में कहा
शाजापुर, 27 मार्च 2024/ लोकसभा निर्वाचन-2024 के लिए मतदान दलों को प्रशिक्षण देने के लिए बनाए गए मास्टर ट्रेनर्स, मतदान दलों द्वारा की जाने वाली बेसिक गलतियों को सुधारने पर जोर दें। उक्त निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋजु बाफना ने आज मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण में दिये।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने कहा कि मास्टर ट्रेनर्स मुख्य-मुख्य बातों पर ज्यादा ध्यान केन्द्रित करें, जो जरूरी है। मतदान दलों को दिये जाने वाले प्रशिक्षण में मतदान के एक दिन पहले की तैयारियां, मॉकपोल, मॉकपोल सर्टिफिकेट जारी करवाना, कन्ट्रोल यूनिट में सीआरसी का पालन कराना आदि का विशेष ध्यान रखें। मतदान दलों को क्लोज बटन दबाने के लिए बार-बार प्रशिक्षण दें। लिफाफों को तैयार करने और मतदान उपरांत सामग्री जमा करने के बारे में प्रशिक्षण दें। मास्टर ट्रेनर्स डॉ. वीपी मीणा, डॉ. आशीष यादव एवं डॉ. सुनील मित्तल ने मास्टर ट्रेनर्स को विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री संतोष टैगोर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, प्रशिक्षण नोडल एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री विवेक दुबे भी उपस्थित थे।