शाजापुर, 13 दिसम्बर 2023/ कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने आज 14 विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों को समयसीमा के भीतर संपन्न कराने के निर्देश दिये। साथ ही कलेक्टर ने पूर्ण होने वाले कार्यों की माहवार सूची भी तैयार करने के लिए कहा। कलेक्टर ने निर्माण ऐजेंसियों से कहा कि खराब काम करने वाले ठेकेदारों के विरूद्ध कार्यवाही करें और जिनका कार्य अच्छा है उनकी प्रशंसा भी करें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शाजापुर श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, अधीक्षण यंत्री विद्युत वितरण कंपनी श्री सुनील पटेल, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण श्री एम.एस. डेहरिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री विजय सिंह चौहान, लोक निर्माण (भवन) श्री भाक्या परमार, आरईएस ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्री मुरलीधर अहिरवार, सीएमएचओ डॉ. आर निदारिया, जिला संयोजक श्रीमती मीना मण्डलोई, सिविल सर्जन डॉ. बीएस मैना, सहायक यंत्री हाउसिंग बोर्ड श्री एचएस टटवाल, एसडीओ सेतु निर्माण श्री जेड.बी. मिर्जा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि जिले के विभिन्न मंदिरों के विकास कार्यों को शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं। उल्लेखनीय है कि जिले के लिए मॉ राजराजेश्वरी मंदिर परिसर में विद्युतीकरण एवं विकास कार्यों के लिए 265 लाख रूपये, सुन्दरसी के महाकाल हवेली मंदिर के विद्युतीकरण एवं विकास कार्य के लिए 200 लाख रूपये, शुजालपुर के जटाशंकर महादेव मंदिर परिसर विकास कार्यों के लिए 200 लाख रूपये इस प्रकार कुल 665 लाख रूपये की स्वीकृति प्राप्त है। वही जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा 55 कार्य क्रियान्वित किये जा रहे हैं, जिनमें से 9 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 42 कार्य प्रगतिरत हैं और 2 कार्य निविदा प्रक्रियाधीन है। एक कार्य की भू अर्जन की कार्यवाही भी प्रक्रियाधीन है। एक कार्य की एलओ जारी हो चुकी है। इसी तरह मजबूतीकरण के 03 कार्य स्वीकृत होकर पूर्ण हो गये हैं। मजबूतीकरण के 23 कार्य भी स्वीकृत हुए हैं, जिसमें 10 प्रगतिरत हैं और 13 पूर्ण हो चुके हैं।
लोक निर्माण भवन के कार्यों की जानकारी देते हुए कार्यपालन यंत्री ने बताया कि जिले में कुल 17 कार्य क्रियान्वित किये जा रहे हैं। कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा ने बताया कि जिले में कुल 53 कार्य संचालित हैं। अधीक्षण यंत्री विद्युत वितरण कंपनी ने बताया कि जिले में कुल 21 कार्य संचालित हैं, जिनमें से 6 पूरे हो गए हैं। गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल के सहायक यंत्री ने बताया कि जिले में कुल 6 कार्य क्रियान्वित किये जा रहे हैं। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि जिले में 241 योजनाओं की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है, जिनमें से 240 योजनाओं के लिए कार्य आदेश जारी हो गये हैं। इनमें से 132 योजनाएं पूर्ण हो गई हैं, 106 प्रगतिरत है और 02 अप्रारंभ है। स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 30 स्वास्थ्य केन्द्र भवनों का निर्माण एवं अस्पतालों के उन्नयन कार्य सहित अन्य कार्य स्वीकृत हैं, जिनका निर्माण प्रगतिरत है। जिला शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि ने बताया कि जिले में 23 निर्माण कार्य क्रियान्वित किये जा रहे हैं। जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग की जिला संयोजक ने बताया कि जिले में 07 निर्माण कार्य क्रियान्वित हैं। ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के प्रबंधक ने जिले में संचालित सड़क निर्माण कार्यो की जानकारी दी। जलसंसाधन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि शाजापुर जिले में 02 मध्यम परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। शहरी विकास अभिकरण द्वारा क्रियान्वित किये जा रहे कार्यों की भी इस अवसर पर समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री कन्याल ने विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जितने भी कार्य प्रगतिरत हैं, उन्हें समय के पूर्व पूर्ण कराने पर जोर दें, ताकि आमजन को इसका लाभ प्राप्त हो। सभी निर्माण विभाग के अधिकारियों को कलेक्टर ने निर्देश दिये कि निर्माण में प्रयुक्त होने वाले खनिजों की रायल्टी ठेकेदारों द्वारा अनिवार्य रूप से जमा करवाएं।