सभी अधिकारी विभागीय योजनाओं के अद्यतन आंकड़े रखें- कलेक्टर श्री कन्याल — विभागीय समन्वय एवं समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा
शाजापुर
—-
सभी विभागों के अधिकारी विभागीय योजनाओं के अद्यतन आंकड़े तैयार करें। इन आंकड़ो के साथ सभी अधिकारियों को विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए लगने वाले शिविरों में उपस्थित रहना अनिवार्य है। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने आज विभागीय समन्वय एवं समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय व शुजालपुर श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, डिप्टी कलेक्टर सुश्री मनीषा वास्कले व श्री महेन्द्र प्रताप सिंह किरार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि विकसित भारत संकल्प यात्रा शासन की प्राथमिकता में है। सभी अधिकारी गंभीरता के साथ इस कार्यक्रम का क्रियान्वयन करें। जहां-जहां कार्यक्रम के तहत शिविर लगाए जायेंगे, वहां सभी अधिकारी योजनाओं की अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित रहें। साथ ही सभी अधिकारी विभागीय योजनाओं में प्रगति लाने के लिए अधीनस्थों के साथ सतत समीक्षा करें। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं विशेषकर स्वास्थ्य, जलजीवन मिशन, कृषि, बैंकिंग आजीविका मिशन आदि के कार्यों पर केन्द्रित रहेगी। इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि विभागीय योजनाओं में क्या-क्या नवाचार किया जा सकता है, इसके लिए भी प्लानिंग करें।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री टैगोर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में गठित समितियों एवं विभागों की विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग आमजन के कार्यों को कानून के दायरे में रहकर पूरा करें। नगरपालिका सीएमओ को निर्देश दिये कि वे आवारा पशुओं को शहर से बाहर करने की कार्यवाही करें। कृषि विभाग किसानों को पराली नहीं जलाने और फसल के अवशेषों से भूसा बनाने के लिए जागरूक करें। इसके लिए किसान संघों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करें। साथ ही ग्राम पंचायतों को भूसा बनाने वाली मशीन क्रय करने के लिए प्रेरित भी करें। कलेक्टर ने आरईएस कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिये कि गौशालाओं के निर्माण कार्य में प्रगति लाएं। साथ ही राजराजेश्वरी मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो, इसके लिए कार्यवाही करें।
#collectorshajapur