चुनाव में लगी गाड़ियों का तीन दिन में होगा भुगतान,शाजापुर कलेक्टर ने दिए निर्देश,कलेक्टर की बेहतर पहल से वाहन वाले खुश
शाजापुर, 26 अक्टूबर 2023/ विधानसभा निर्वाचन-2023 के दौरान निजी क्षेत्र से लिये जाने वाले वाहनों जैसे कि बस, जीप, कार इत्यादि के किराये का भुगतान तीन दिन के भीतर करें। उक्त निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कन्याल ने आज परिवहन व्यवस्था के लिए नियुक्त किये गये अधिकारियों की बैठक के दौरान दिये। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत, अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अखिल राठौर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विवेक दुबे, जिला परिवहन अधिकारी श्री राकेश भूरिया एवं जिला आपूर्ति अधिकारी श्री देवेन्द्र प्रताप शर्मा भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री कन्याल ने वाहनों के किराए आदि के भुगतान कार्य समाप्त होने के तीन दिन के भीतर करने के लिए कहा। इस मौके पर परिवहन प्रभारी नोडल अधिकारी ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन के लिए प्रयुक्त होने वाले वाहनों पर विधानसभावार रंगीन कागज पर सूचना चस्पा की जायेगी। विधानसभा क्षेत्र शाजापुर के लिए पीले, शुजालपुर के लिए नारंगी तथा कालापीपल के लिए गुलाबी रंग के कागज का प्रयोग किया जायेगा। कालापीपल, शुजालपुर, पोलायकलां, मक्सी, मो. बड़ोदिया से आने वाले मतदान कर्मियों के लिए निर्धारित स्थल पर 16 नवम्बर 2023 को प्रात: 6.00 बजे बस उपलब्ध रहेगी। निजी वाहनों से आने वाले मतदान कर्मियों के लिए जिला मुख्यालय स्थित उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण में पार्किंग व्यवस्था रखी गई है। कलेक्टर ने मतदान कराने आने वाले मतदान कर्मियों का स्वागत करने के लिए भी कहा।