शाजापुर 26 अक्टूबर 2023/विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के लिए बनाए जा रहे पीडब्ल्यूडी पोलिंग बूथ में तैनात होने वाले मतदान कर्मियों को आज प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का निरीक्षण कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत ने किया। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्रशिक्षण नोडल अधिकारी श्री विवेक दुबे भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 10 ऐसे मतदान केन्द्र बनाए जायेंगे, जिन पर दिव्यांगजन मतदान कराएंगे। ऐसे मतदान केन्द्रों पर नियुक्त होने वाले 55 दिव्यांग मतदान कर्मियों को बीकेएसएन महाविद्यालय शाजापुर में तथा 45 दिव्यांग मतदान कर्मियों को जेएनएस महाविद्यालय शुजालपुर में प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी दिव्यांग प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की मंशा पर वे खरे उतरें तथा निर्वाचन की बारीकियों को ध्यान से समझें। ईवीएम संचालन की प्रक्रिया को भी समझे।
शासकीय बीकेएसएन महाविद्यालय शाजापुर में मास्टर ट्रेनर सहायक प्राध्यापक डॉ. वी.पी. मीणा एवं डॉ. सुनील आडवाणी एवं शासकीय जेएनएस महाविद्यालय शुजालपुर में मास्टर ट्रेनर सहायक प्राध्यापक डॉ. आशीष यादव एवं डॉ. रवि राठौर द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।