शाजापुर, 26 अक्टूबर 2023/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कन्याल ने आज मतगणना स्थल स्थानीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय एवं सामग्री वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत, अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अखिल राठौर, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण श्री एमएस डहेरिया, सीएमओ डॉ. मधु सक्सेना, एसएलआर डॉ. पूनम शेखावत व श्री नरेश सोनी, तहसीलदार गुलाना श्री जीवनलाल मोघी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सर्वप्रथम मीडिया प्रतिनिधियों के लिए बनाए जाने वाले कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्याप्त मात्रा में बैठक व्यवस्था करने तथा मीडिया कक्ष में टीवी, कम्प्यूटर एवं टेलीफोन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके पश्चात विधानसभावार बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम एवं अन्य सामग्री के कक्ष का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने मतगणना के लिए उपयोग में आने वाले कक्षों में रखी सामग्री को अन्य स्थान पर रखने के निर्देश दिये। इस दौरान निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे का भी परीक्षण कलेक्टर ने किया।
रेक में रखी जायेगी ईवीएम
शाजापुर जिले में पहली बार विधानसभा निर्वाचन-2023 में प्रयुक्त होने वाली ईवीएम स्ट्रांग रूम में रेक में रखी जायेगी। उल्लेखनीय है कि इसके पहले के निर्वाचन में प्रयुक्त होने वाली ईवीएम को जमीन पर ही रखा जाता था, जिससे तुलनात्मक रूप से ईवीएम ज्यादा स्थान घेरती थी। इस बार शाजापुर में ईवीएम को रेक में रखने का प्रयोग किया जा रहा है।