शाजापुर, 01 अक्टूबर 2023/ जिले के नगरीय निकायों एवं ग्रामों में भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आज एक घण्टे का स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों द्वारा पोर्टल पर किये गये कार्यों की जानकारी दर्ज कराई गई। नगरपालिका शाजापुर द्वारा प्रमुख रूप से स्थानीय चिल्लर नदी महूपुरा रपट एवं न्यायालय परिसर लालाघाटी शाजापुर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लाउडस्पीकर के साथ अनाउंसमेंट एवं कार्यस्थल पर स्वच्छता प्रेरक गीतों का संचार होता रहा बड़ी मात्रा में एकत्रित कचरे को संग्रहित करने के लिए नगर पालिका के द्वारा बड़े कचरा वाहन एवं डंपर का इस्तेमाल किया गया।
स्थानीय नगरपालिका कार्यालय में सम्मान कार्यकम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर सफाईमित्रो एवं स्वच्छता के प्रेरकों का नगरपालिका अध्यक्ष श्री प्रेम जैन, उपाध्यक्ष श्री संतोष जोशी, स्वच्छता सभापति श्री दुष्यंत सोनी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी डॉ. मधु सक्सेना द्वारा स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मान किया गया।
इस दौरान पार्षद श्री मुकेश दुबे, पार्षद प्रतिनिधि श्री प्रशांत चौहान,श्री अजय चंदेल, श्री चिनेश जैन,श्री लोकेश शर्मा, श्री सतीश राठौर,प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमलेश महिवाल,स्वच्छता पर्यवेक्षक स्वच्छता नोडल श्री हितेंद्र ठाकुर एवं सहयोगी संस्था यूनिक वेस्ट मैनेजमेंट की टीम,नगर पालिका अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री हितेंद्र ठाकुर द्वारा किया गया।