शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र लोगों को लाभांवित करें नगरीय निकायों के सीएमओ अपने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान संचालित कर सफाई कराएं समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिये निर्देश
शाजापुर, 18 सितम्बर 2023/ कलेक्टर श्री किशोर कन्याल की अध्यक्षता में आज विभागीय समन्वय एवं समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने विधानसभा निर्वाचन-2023 को लेकर अधिकारियों को सौपे गये दायित्वो के निर्वाहन के संबंध में निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सेक्टर अधिकारियो एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से अपने-अपने मतदान क्षेत्रो का भ्रमण करने के निर्देश भी दिये। साथ ही उन्होंने अनुविभागीय अधिकारियों को 107,116 के तहत कार्रवाई करने, नोडल अधिकारियों द्वारा की गई तैयारियों को लेकर प्रति सप्ताह समीक्षा बैठक करने, जीपीएस एप्प का ट्रायल करने तथा जिले में मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप गतिविधि अंतर्गत ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
इस दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन, सीएम मॉनिट, सीएम डेस्क बोर्ड पर प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में संतुष्टि के साथ निराकरण कर बंद कराने एवं विभागों के अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत प्राप्त लक्ष्य अनुसार पात्र हितग्राहियों को लाभांवित करने के निर्देश दिये। आबकारी विभाग के अधिकारी को मदिरा के अवैध निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय पर नियंत्रण करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने सभी जिलाधिकारी से कहा कि यदि जिले में कही भी मदिरा के अवैध निर्माण, संग्रहण, परिवहन की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना उन्हें एवं आबकारी अधिकारी को दे। साथ ही उन्होंने सभी जिलाधिकारी से कहा कि वह अपने भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं विद्यालयों में जाकर मध्यान्ह भोजन चैक करें तथा गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल जानकारी दें। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना के तहत लाडली बहनाओं के आवेदन पत्र ग्राम पंचायतों के माध्यम से भरवाकर उन्हे पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्वच्छता अभियान के तहत सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान संचालित कर साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी केन्द्रो, विद्यालयों में साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिये। विद्युत विभाग के अधिकारी को विद्युत चोरी करने वाले के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिये। बैठक के दौरान सुश्री ममता राठौर द्वारा फोर्टिफाइड चावल एवं डबल फोर्टिफाइड तकनीकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अखिल राठौर, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर श्री नरेंद्र नाथ पांडेय व शुजालपुर श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगरपालिका सीएमओ श्री महेन्द्र प्रताप सिंह किरार, डिप्टी कलेक्टर सुश्री मनीषा वास्कले, वरिष्ठ जिला कोषालय अधिकारी श्री जीएल गुवाटिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।