कोई भी पात्र हितग्राही आयुष्मान भव: योजना से वंचित न रहे- कलेक्टर श्री कन्याल —- जिला चिकित्सालय में आयुष्मान भवः अभियान कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया
शाजापुर
—
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा आज आयुष्मान भवः अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया गया। उक्त कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला चिकित्सालय के सभा कक्ष में दिखाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कन्याल, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संतोष जोशी, श्री दिनेश शर्मा, श्री गोपाल राजपूत, श्री रामचन्द्र भावसार, श्री आशीष नागर, पार्षद श्री दिनेश सौराष्ट्रीय, पार्षद श्री मुकेश दुबे, रोगी कल्याण समिति सदस्य श्री संजय शिवहरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजू निदारिया, सिविल सर्जन डॉ. बी. एस. मैना, डीएचओ डॉ. अजीत राव, , डीएचओ डॉ. अजय सालविया, जिला टीकारण अधिकारी डॉ. सुमित यादव, आरएमओ डॉ. सचिन नायक, डीपीएम श्री शैलेन्द्र सोनी, सहायक प्रबंधक श्रीमती नेहा सॉवले सहित गणमान्य नागरिक एवं जिला चिकित्सालय का स्टॉफ भी उपस्थित था।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आयुष्मान भव: योजना सफल बनाये जाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने सीएमएचओ से कहा कि जिले में कोई भी पात्र हितग्राही आयुष्मान भव: योजना से वंचित न रहे। सभी पात्र हितग्राहियों के शतप्रतिशत कार्ड बनाए जाएं तथा उन्हें उक्त योजना के तहत लाभांवित भी किया जाए। कलेक्टर ने आयुष्मान भव: योजना का लक्ष्य देते हुए कहा कि आगामी अक्टूबर माह के अंत तक छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान भव: योजना के कार्ड शतप्रतिशत बनाए एवं प्रदेश में शाजापुर जिला का नाम उक्त योजना में प्रथम स्थान पर रहें, यह सुनिश्चित करें।
इस दौरान कलेक्टटर ने कहा कि शाजापुर जिले में कोई भी मरीज क्षय की बीमारी से ग्रसित न हो, शाजापुर को क्षय मुक्त करने के प्रयास करें। उन्होंने निक्षय पोषण योजना में आगामी वर्षों में और अच्छा कार्य कर शाजापुर जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने के लिए भी कहा। उक्त कार्यक्रम के पश्चात् सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा अंगदान करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जोशी ने उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर आमजनों को सुविधाएं प्रदान की हैं। आयुष्मान भव: के माध्यम से आमजन अपना ईलाज बेहतर से बेहतर चिकित्सालय में करवा सकते हैं। इस दौरान अतिथियों द्वारा क्षय के मरीजों को निक्षय पोषण आहार का वितरण भी किया गया।
सिविल सर्जन डॉ. मैना ने बताया कि आयुष्मान भव: एक व्यापक राष्ट्रव्यापी स्वास्थ्य सेवा पहल है, जो हर गांव और शहर तक पहुँचने वाली स्वास्थ्य योजनाओं की कवरेज सुनिश्चित करती है। आयुष्मान भव: के तीन घटकों आयुष्मान आपके द्वार 3.0, एचडब्ल्यूसी और सीएचसी में आयुष्मान मेलों और हर गांव ओर पंचायत में आयुष्मान सभाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की अधिकतम कवरेज पहुचाना है। आयुष्मान भव: का उद्देश्य आयुष्मान कार्ड प्रदाय करना, आभा आई.डी. उपलब्ध कराना और महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं ओर रोग की स्थिति जैसे गैर-संचारी रोग, तपेदिक और सिकल सेल रोग के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।

#ayushmanbhava #ayushmanbharat #health #JansamparkMP
@PresidentofIndia CM Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh