चुनाव हमारी पहली प्राथमिकता, घर-घर जाकर बताएं पांच वचन – विधायक कराड़ा ने कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन और जीत का मंत्र
शाजापुर। विधानसभा चुनाव में ज्यादा समय शेष नहीं है और काम बहुत है। यही समय है हमें अपनी ताकत और एकता दिखाने का। इसलिए सारे काम छोड़कर कुछ समय हम अपनी पार्टी के लिए दें तो हम निश्चित तौर पर सरकार बना सकेंगे। इसके लिए हमें आप सभी का सहयोग और साथ चाहिए।

यह बात विधायक व पूर्व मंत्री हुकुमसिंह कराड़ा ने गुरूवार को एक निजी गार्डन में आयोजित बीएलए व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही। श्री कराड़ा ने कहा कि आज जनता भारतीय जनता पार्टी से त्रस्त हो चुकी है और हमारी ओर देख रही है। इसलिए यही समय है हमें एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने का। क्योंकि अभी नहीं तो फिर कभी नहीं। इसलिए मेरे सभी कांग्रेस के सिपाहियों मतदाताओं से सीधा संपर्क रखें और पार्टी की रीति-नीति से उन्हें अवगत कराएं। उन्हें यह भी बताएं कि हमारे प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ जी ने जो पांच वचन दिए हैं उन्हें जरूर पूरा किया जाएगा और लोगों को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची प्राप्त कर लें और जो पार्टी के वोटर हैं और इसके अलावा जो अन्य मतदाता हैं उनसे संपर्क साधे और भाजपा की नीति और हमारी नीयत से लोगों को अवगत कराएं ताकि जनता पर बोझ बनती जा रही इस सरकार को हम उखाड़कर लोगों को राहत दिला सकें। बैठक में विधायक प्रतिनिधि आशुतोष शर्मा, आईटीसेल जिलाध्यक्ष देवकरण गुर्जर, रीतेश शर्मा, मनोज गवली, जिला कांग्रेस प्रवक्ता पं. गोविंद शर्मा, साजिद कुरेशी, गजेंद्र पाठक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कालूराम कुंडला, जुनैद मंसूरी, शहर कांग्र्रेस अध्यक्ष इमरान खरखरे सहित सभी पार्षद व बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।