शाजापुर
—
विगत तीन वर्षो से शाजापुर जिले में मलेरिया का एक भी प्रकरण नहीं मिलने के कारण शाजापुर जिले को राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्राफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है। विगत दिवस कलेक्टर श्री किशोर कन्याल द्वारा राज्य से प्राप्त ट्राफी एवं प्रमाण-पत्र जिले के सीएमएचओ डॉ आर निदारिया एवं मलेरिया अधिकारी श्री आरएस जाटव को प्रदान किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ बीएस मैना भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों के लिए प्रशंसा की गई है। कलेक्टर ने कहा कि मलेरिया एवं डेंगू रोग की रोकथाम के लिए लगातार कार्यवाही जारी रखे। शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों में मलेरिया परिक्षण के लिए रक्त पट्टी बनाने का कार्य लगातार जारी रखे। मलेरिया अधिकारी ने बताया कि माह जून को मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके अन्तर्गत विभागीय कार्यशाला का आयोजन भी विगत दिवस किया गया। साथ ही जागरूकता के लिए मलेरिया रथ के माध्यम से प्रचार प्रसार का काम भी किया जा रहा है।
#health #collectorshajapur #kishorekanyal #shajapur #MP