शाजापुर,, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच गुरुवार रात को आइपीएल मुकाबले पर शहर में लाखों रुपए के दांव लग रहे थे। इसकी भनक जब कोतवाली पुलिस को मिली तो सीधे जाकर एक मकान पर दबिश दी। इस दौरान एक सटोरिये को दबोच लिया। इसके पास से सवा चार लाख रुपए से ज्यादा के हिसाब के साथ 10 मोबाइल और अन्य सामग्री बरामद की। सटोरिये के एक साथी और मकान मालिक की पुलिस तलाश कर रही है।
बता दें, जिलेभर में आइपीएल के सट्टे को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच पुलिस ने सायबर सेल को इसके लिए अलर्ट किया है। गुरुवार रात आइपीएल में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच चल रहा था। इस पर नगर के मगरिया क्षेत्र में स्थित एक मकान के कमरे से लाखों रुपए के दांव लग रहे थे। सूचना पुख्ता होने पर एसपी यशपालसिंह राजपूत के निर्देशन और एएसपी टी एस बघेल, एसडीओपी श्रीमती दीपा डोडवे के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआइ संतोष वाघेला ने टीम के साथ उक्त मकान पर दबिश दी। मकान से पुलिस ने फईम (42) पिता बाबूखान निवासी मगरिया को पकड़ लिया। पुलिस की तलाशी में
10 मोबाइल फोन, एक टीवी, सेटअप बॉक्स, एक केलकुलेटर, चार पेन, एक बाइक (एमपी 04 क्यूएल 7496) सहित फईम से कुल 4 लाख 21 हजार 600 रुपए का हिसाब और 700 रुपए नकद मौके से जब्त किए।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी फईम के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया। आरोपी से पूछताछ में पुलिस को अन्य सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं। इस मामले में पुलिस द्वारा मौके से फरार आरोपी जुनैद खान और सगिर पिता जमीरुद्दीन खान निवासी मगरिया के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
कोतवाली ने इस बार सट्टे को लेकर सबसे पहली कार्रवाई की है। आरोपियों को पकड़ने के लिए मौके पर कोतवाली टीआइ वाघेला व टीम उनि सुरेंद्रसिंह मेहता, आरक्षक विष्णु, शैलेंद्र गुर्जर, मोहन पटेल और मिथुन पहुंचे थे। टीआइ वाघेला ने बताया पूरी कार्रवाई में उनि रविता चौधरी, उनि सुरेंद्रसिंह मेहता, प्रधान आरक्षक विकास तिवारी (सायबर सेल), आरक्षक राजेश (सायबर), आरक्षक अनिल (सायबर), आरक्षक विष्णु, शैलेंद्र गुर्जर, मोहन पटेल, मिथुन की भूमिका रही।