खरीदी केन्द्रों पर किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं- कलेक्टर श्री जैन ने रबी उपार्जन के लिए समीक्षा बैठक में कहा
शाजापुर, 06 मार्च 2023/ खरीदी केन्द्रों पर आने वाले किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाना सुनिश्चित करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने आज रबी विपणन वर्ष-2023-24 में समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए दिये। इस अवसर पर उपायुक्त सहकारिता श्री ओपी गुप्ता, उपसंचालक कृषि श्री केएस यादव, कृषि विज्ञान केन्द्र प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. जीएआर अम्बावतिया, सीईओ सीसीबी श्री आरके दुबे, डीएमओ विपणन संघ श्री प्रवीण रघुवंशी, नागरिक आपूर्ति निगम जिला प्रबंधक श्री केएल परमार, प्रभारी जिला प्रबंधक वेयर हाउस श्री सुमित शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने सहकारिता विभाग को निर्देश दिये कि उपार्जन समिति से उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए पानी, दरी, टेबल-कुर्सी, छांया, बिजली आदि की व्यवस्था सुनिश्चत कराएं। उपार्जन केन्द्रों पर हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन निर्बाध विद्युत के लिए जनरेटर की सुविधा, उपार्जन केन्द्रों पर छन्ना, पंखे, परखी आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उपार्जन केन्द्रों पर सूचना पटल, बेनर, भुगतान एवं टोल-फ्री नंबर का प्रदर्शन करने के लिए कहा। साथ ही सुरक्षा के लिए तिरपाल, कव्हर, अग्निशमन यंत्र, रेत, बाल्टिया, फर्स्टएड बॉक्स आदि की व्यवस्था रखें। कलेक्टर ने कृषक पंजीयन के सतत सत्यापन कराने के लिए भी कहा। इस मौके पर नागरिक आपूर्ति निगम जिला प्रबंधक ने बताया कि वर्ष 2023 के लिए उपार्जन अवधि 15 मार्च से 15 मई 2023 रखी गई है। साथ ही समर्थन मूल्य 2125 रूपये है। जिले में कुल 52022 किसानों ने पंजीयन कराया है। जबकि गत वर्ष 62043 किसानों ने पंजीयन कराया था। इस वर्ष किये गये पंजीयन में गेहूं के लिए 51324 किसानों ने पंजीयन कराया है। जबकि अब तक चने के लिए 3254, मसूर के लिए 4943 तथा सरसों के लिए 1739 किसानों ने पंजीयन कराया है। चना, मसूर, सरसों के लिए पंजीयन 10 मार्च तक होगा। गेहूं फसल के लिए पंजीयन का कार्य 05 मार्च 2023 को समाप्त हो गया है। जिले में 93 उपार्जन केन्द्र प्रस्तावित किये गये हैं। पंजीकृत किसानों का सत्यापन राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा किया जाना है।