विभागीय समीक्षा बेठक में कलेक्टर ने लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन के लिए 13 मार्च से शिविर लगाएं,स्विमिंग पुल शुरू करवाने के दिये निर्देश
शाजापुर, 06 मार्च 2023/ मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना-2023 के क्रियान्वयन के लिए 13 मार्च 2023 से शिविर लगाने के लिए सभी नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायतें तैयारी करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने आज विभागीय समन्वय एवं समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिये। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर श्री अजीत श्रीवास्तव, (वर्चुअल रूप से शुजालपुर अनुविभागीय अधिकारी श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री जैन ने निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री द्वारा 05 मार्च को शुरू की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना-2023 के क्रियान्वयन के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाने के लिए दलों का गठन करें एवं अधिक से अधिक पात्र महिलाओं का पंजीयन फॉर्म भरवाएं। लीड बैंक अधिकारी शिविर स्थल पर महिलाओं के खाते खोलने के लिए बैंको को पाबंद करें। साथ ही कलेक्टर ने शिक्षा एवं आदिम जाति कल्याण विभाग के बंद आधार केन्द्रों को शुरू करने के भी निर्देश दिये।
शेष रहे पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रयास करें। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के लंबित पात्रता सत्यापन का कार्य श्रम विभाग शीघ्र संपन्न करें। योजना विभाग विधानसभा क्षेत्र विकास योजना एवं सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अपूर्ण कार्यों एवं लंबित सांख्यिकीय जानकारी तत्काल आयुक्त को प्रेषित करें। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्त कल्याण विभाग दिव्यांगों की आवश्यकताओं के आंकलन के लिए लगाए जा रहे शिविर में चयनित दिव्यांगों को ही बुलवाएं। दिव्यांग शिविर की व्यवस्थाएं अच्छी रखें, किसी दिव्यांग को दिक्कत नहीं आना चाहिये। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में हो रहे अतिक्रमण को हटाने स्टेडियम की बाउण्ड्री तार फेंसिंग से करने, स्वीमिंग पुल शुरू करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना के हितग्राही किसानों जिनके द्वारा अभी तक ई-केवायसी नहीं कराया गया है, के संबंध में कहा कि किसानों से जानकारी लें कि वे ई-केवायसी क्यों नहीं करा रहे हैं। विकास यात्रा पोर्टल के संबंध में कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देश दिये कि वे विधानसभावार विकास यात्रा की जानकारी तैयार करें। 21 मार्च को होने वाले रक्तदान शिविर के संबंध में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने अधिनस्थ कर्मचारियों एवं विभिन्न संगठनों के सदस्यों को अधिक से अधिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के लिए कहा। होली एवं अन्य त्यौहारों के लिए कलेक्टर कार्यालय में कन्ट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिये। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के तहत प्राप्त शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई।