शाजापुर, 8 जनवरी 2023/ जिला प्रशासन, आनंद विभाग और नगर पालिका परिषद शाजापुर के द्वारा प्रति रविवार को आयोजित होने वाले सैर-सपाटा कार्यक्रम में अपार जनसमूह द्वारा सहभागिता करते हुये आज प्रात:कालीन भ्रमण के साथ साथ विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम का आनंद लिया गया।
इस सप्ताह सैर-सपाटा कार्यक्रम नशे की लत के विरुद्ध जनजागृति हेतु *नशे की लत, सब की आफत* थीम पर आधारित था। जिसे गायत्री परिवार द्वारा प्रायोजित किया गया। प्रदर्शनी और रैली के माध्यम से नशे के विरुद्ध जन चेतना जाग्रत की गई। गायत्री परिवार द्वारा श्री प्रदीप जायसवाल के निर्देशन मे मां उमीया हायर सेकंडरी स्कूल की छात्राओं द्वारा नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनसमुदाय द्वारा सराहा गया। इस दौरान श्री मनोज गिरजे मित्र मंडल द्वारा सुन्दर भजनों की प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही विभिन्न खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियां, जूडो-कराते प्रशिक्षण, zumba एक्सरसाइज, परम्परागत खेल, गायन आदि कार्यक्रमों मे अपार जनसमुदाय, बुजुर्गों, महिलाओ,और बच्चों ने भी भाग लिया। सैर-सपाटा स्थल पर चलित आनंदम केन्द्र भी बनाया गया था, जहां लोग अपनी आवश्यकता से अधिक सामग्री छोड़ कर जा सकें और जिसे आवश्यकता हो वो ले जा सके। प्रति रविवार अलग-अलग संगठनों द्वारा अलग – अलग थीम पर सैर-सपाटा कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। कार्यक्रम में पूरे समय जिला शिक्षा अधिकारी और आनंदक श्री विवेक दुबे, तहसीलदार श्री सुनील जायसवाल ने व्यवस्था की कमान संभाली। कार्यक्रम में गायत्री परिवार के अध्यक्ष श्री प्रदीप वैद्य, श्री हरीश शर्मा, श्री सुरेश शर्मा, श्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव आदि, राज्य आनंद संस्थान से श्री महेंद्र मोहन सोनी, श्री संतोष भावसार, योग गुरु डॉ. पराग जैन, श्री राजीव लोचन शर्मा, ऑरेंज जीम के संचालक श्री गोठी आदि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। आगामी रविवार को फिर से एक नयी थीम के साथ सैर-सपाटा कार्यक्रम आयोजित होगा।
—–
आनंदम केंद्र पर नियमित रूप से दिया जा रहा है चित्रकला प्रशिक्षण
शाजापुर, 8 जनवरी 2023/ पुराने रोडवेज डिपो परिसर में स्थित आनंदम केंद्र पर प्रति रविवार सुबह 9:30 बजे से 11.30 बजे तक सेवानिवृत्त शिक्षक एवं चित्रकार श्री महेश सक्सेना द्वारा चित्रकला का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों को सामग्री श्री हरि गीता आध्यात्मिक चेतना केंद्र द्वारा उपलब्ध करायी जा रही है। राज्य आनंद संस्थान की अवधारणा पर आधारित आनंदम केंद्र पर नागरिकों द्वारा आवश्यकता से अधिक सामग्री छोड़ी जा रही है और जिसे आवश्यकता हो वह निसंकोच लेकर जा रहे हैं। आनंदम केंद्र पर सुबह योग कक्षाएं भी प्रतिदिन संचालित की जा रही है। आनंद संस्थान द्वारा अधिक से अधिक संख्या में नागरिकों से आनंदम केंद्र से जुड़ने के लिए अनुरोध किया गया है।
क्रमांक 48/48/चन्देलकर/ उइके