महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। ठाणे के शील-दीवा रोड इलाके में फरसाण, वेफर्स, चिवड़ा और नमकीन बनाने व बेचने वाले 11 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान इन जगहों पर भारी गंदगी, कीड़े-मकौड़े, चूहे और अस्वच्छ वातावरण मिलने पर FDA ने करीब 28,955 किलो और 56 लीटर खाद्य सामग्री जब्त की, जिसकी बाजार कीमत लगभग 20 लाख 48 हजार 801 रुपए है।
🏢 2. मुंबई और पुणे के कई नामी होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, खुले में खाना बनाने और गंदगी पर गिरी गाज
ठाणे के अलावा मुंबई, कोकण, पुणे और छत्रपति संभाजीनगर के कुल 11 नामी होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। मुंबई में श्री गजानन वडापाव, समर्थ स्वीट्स, मुलुंड के एकवीरा झुणका भाकर केंद्र और मनीषा स्वीट्स समेत कई जगहों पर किचन में गंभीर खामियां और क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा पाया गया। इसके अलावा पुणे के होटल शाही (कराड), साबेर रेस्टोरेंट (लोनावला) और सैराट बिरयानी (पुणे) के लाइसेंस भी सस्पेंड किए गए हैं।
⚠️ 3. त्योहारों और सामूहिक भोजन आयोजनों को लेकर FDA अलर्ट, 7 दिन पहले सूचना देना अनिवार्य, कमिश्नर ने दी सख्त चेतावनी
आगामी त्योहारों, धार्मिक कार्यक्रमों, लंगर और भंडारे जैसे सामूहिक भोजन आयोजनों को लेकर FDA ने खास निर्देश जारी किए हैं। आयोजकों को कार्यक्रम से कम से कम 7 दिन पहले FDA को निर्धारित फॉर्म में सूचना देनी होगी। FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने दो टूक चेतावनी दी है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी गड़बड़ी की शिकायत के लिए नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800222365 पर संपर्क कर सकते हैं।