बिलासपुर में सनसनी: बकरियां चराने गए चरवाहे की बेरहमी से हत्या, खेत में खून से लथपथ मिली लाश; इलाके में फैला खौफ
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के तलई थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. मल्होट क्षेत्र में गद्दी समुदाय के एक शख्स की तेजधार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है.
मृतक की पहचान संजू (पुत्र गौरी दत्त) के रूप में हुई है. वह कुल्लू जिले के खोपरी गांव का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से मल्होट क्षेत्र में भेड़-बकरियां चराने का काम कर रहा था. शुक्रवार सुबह उसका शव गांव के पास स्थित एक घासनी (घास के खेत) में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला. स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
गले पर गहरे वार
जांच में पुलिस को मृतक के गले पर तेजधार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं. इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि संजू की हत्या बड़ी बेरहमी से की गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके. पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि संजू के साथ प्रदीप कुमार (पुत्र ईश्वर दास), निवासी पपरोला, बैजनाथ (जिला कांगड़ा) भी उसी इलाके में भेड़-बकरियां चराने का काम करता था. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हो चुकी थी.
पुलिस को शक है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते यह वारदात हुई हो सकती है. आशंका जताई जा रही है कि 13 और 14 मार्च की मध्यरात्रि के दौरान किसी समय संजू की हत्या की गई होगी. हालांकि पुलिस अभी इस मामले में किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया
घटना की सूचना मिलते ही तलई थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं. इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है.
इस मामले में ठाकुर सिंह के बयान के आधार पर 14 मार्च को थाना तलई में मुकदमा नंबर 29/26 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर एंगल से जांच जारी है. वहीं इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.