T20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को झटका! वनडे सीरीज के बीच स्टार प्लेयर हुआ चोटिल, T20 में खेलना संदिग्ध
टीम इंडिया के ऑस्ट्रेलिया दौरे का पहला हिस्सा खत्म हो चुका है. सिडनी में खेले गए आखिरी वनडे के साथ ही तीन मैच की सीरीज पूरी हो गई, जिसमें टीम इंडिया को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा. मगर क्रिकेट एक्शन रुकने वाला नहीं है क्योंकि जल्द ही भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 टी20 मैच की सीरीज शुरू हो रही है. हालांकि इस सीरीज से पहले भारतीय टीम के युवा खिलाड़ी नीतीश कुमार रेड्डी की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है. क्या वो इस सीरीज में खेल पाएंगे या नहीं, इसका हर किसी को इंतजार है.
29 अक्टूबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ये टी20 सीरीज शुरू होगी और नीतीश भी इस सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं. मगर इससे पहले उनकी फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है. असल में नीतीश वनडे सीरीज में भी टीम इंडिया का हिस्सा थे और शुरुआती दोनों मैच में वो प्लेइंग 11 में भी शामिल थे. मगर तीसरे मैच में वो नहीं खेल सके थे. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक बयान में बताया था कि नीतीश की जांघ में चोट है, जिसके चलते उन्हें आराम दिया गया था.