उत्तर प्रदेश के कानपुर कमिश्नरेट के दो थाना क्षेत्र में हुई घटना में रिश्तों में हैवानियत नजर आई है. एक घटना में पत्नी ने पति का कान काट लिया, तो वहीं दूसरी घटना में गे साढ़ू भाई ने साढ़ू भाई की दांतों से नाक काटकर उसका मांस निकाल लिया. दोनों ही घटनाओं के सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है और आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है. हैवानियत की तस्वीरें कानपुर के थाना अनवरगंज क्षेत्र और थाना पनकी इलाके से सामने आई हैं.
पहली घटना कानपुर के अनवरगंज क्षेत्र के खटकाना के रहने वाले अमित सोनकर के साथ घटित हुई है. जिसमें पीड़ित के भाई शिव ने बताया कि बड़े भाई अमित ने मोहल्ले में रहने वाली एक युवती से 8 साल पहले लव मैरिज की थी. लेकिन घर में रोजाना होने वाली क्लेश के कारण दोनों के बीच रिश्ता ज्यादा दिन चल नहीं पाया. कोर्ट में तलाक दाखिल है.
पत्नी ने काट लिया कान
वहीं घटना के दिन पानी भरने का विवाद सामने आया है. शिव ने बताया कि बीते मंगलवार सुबह पानी न आने पर अमित बाहर पानी लेने निकला था. वहीं पर पानी भरने का विवाद फिर से अमित का उसकी पत्नी से हो गया और मारपीट हो गई. जब तक दोनों को मारपीट के दौरान अलग किया जाता तब तक पत्नी ने अमित के बाएं हाथ में धारदार हथियार से हमला कर दिया और दाहिने कान के पीछे मुंह से चबा लिया. घटना के बाद लहू लुहान हालत में पीड़ित भाग कर थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस मामले में पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
साढू ने काट लिया साढू की नाक
वहीं दूसरी घटना पनकी थाना इलाके की है. घटना का पीड़ित और घटना करने वाला दोनों साढू हैं, जो कि एक दूसरे के साथ 3 साल से स्क्रैप का कारोबार कर रहे थे. स्क्रैप कारोबारी पीड़ित के अनुसार उसका साढू भाई उस पर काफी समय से अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाता रहता था. स्क्रैप कारोबारी ने बताया कि सोमवार देवता में अपने साढू के साथ से औरैया माल लेकर वापस आ रहा था. दोनों एक साथ एक ही कार में मौजूद थे.
शाहरुख ने फिर अनैतिक संबंध बनाने का ऑफर दिया, जिसकी जानकारी स्क्रैप कारोबारी ने उसकी पत्नी को दे दी. इससे नाराज होकर उसने चलती कार में ही उसे दबोच लिया और उसकी नाक पर हमला करते हुए नाक का काफी हिस्सा काट लिया. फिलहाल पीड़ित स्क्रैप कारोबारी की तहरीर पर पनकी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में जांच पड़ताल के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.