उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को जाम से निजात दिलाने के लिए कई योजनाओं पर काम चल रहा है. उन सभी इलाकों में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए योजनाएं है, जिससे लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है. इसी क्रम में अब राजधानी लखनऊ के तेलीबाग चौराहे पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए तीन साल से लंबित फ्लाईओवर परियोजना को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है. यह फ्लाईओवर तेलीबाग चौराहे पर यातायात को सुगम बनाएगा और लाखों लोगों का सफर आसान करेगा.
इस योजना को लेकर लगभग 15 दिन पहले शासन के निर्देश पर सेतु निगम ने तेलीबाग चौराहे का नए सिरे से सर्वे किया गया था. इसके बाद निगम ने इस परियोजना के लिए 161 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया और इसे मंजूरी के लिए भेजा. अब शासन से हरी झंडी मिल गई है. अब इस परियोजना में किसी भी तरह की अड़चन की संभावना नहीं है. हालांकि, इसे कार्ययोजना में शामिल करने की प्रक्रिया अभी बाकी है, लेकिन निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है.