कलेक्टर ने शाजापुर जनपद पंचायत के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर कृषि एवं जलसंवर्धन कार्यों का निरीक्षण किया
शाजापुर
——
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज ग्राम नारायणगांव, सामगीमाना, सतगांव, गोपीपुर एवं मझानिया का भ्रमण कर कृषि, पोषण वाटिका एवं जल संवर्धन के कार्यों का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ एवं डिप्टी कलेक्टर श्री राजकुमार हलदर, कार्यपालन यंत्री पीएचई श्री केएस डामोर, आरईएस श्री संजय मेहर सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने ग्राम नारायणगांव में कृषक श्री राहुल पिता रमेशचंद्र के खेत का अवलोकन किया। कृषक ने फसल विविधीकरण के तहत सोयाबीन के अतिरिक्त अरहर, मक्का, मूंग और उड़द की फसल बोवनी की है। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने क्षेत्र की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए खरीफ में उड़द और रबी के मौसम में चिया सीड जैसी फसलों को प्रोत्साहित करने की बात कही जिससे कृषक को जानवरों जैसे जंगली सूअर और नीलगाय से आने वाली समस्याएं कम होगी और बाजार में अधिक मूल्य प्राप्त होने से आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा। इसी तरह कलेक्टर ने ग्राम गोपीपुर में कृषक श्री मानसिंह एवं श्री मनोज द्वारा फसल विविधिकरण के तहत बोई गई फसलों की जानकारी दी। कृषकों ने बताया कि उनके द्वारा संतरे के बगीचे में कम पानी वाली फसलें इंटरक्रॉप के रूप में लगाई जाती है। वे वर्षभर में चार फसलें लेते हैं। वही कृषकों ने बताया कि उनके द्वारा नरवाई नहीं जलाने के कारण सोयाबीन के पौधों में अपेक्षाकृत अधिक बढ़त मिली हैं। वे अन्य किसानों को अपनी फसल दिखाकर नरवाई नहीं जलाने के लिए प्रेरित भी कर रहे है। कलेक्टर ने इन प्रगतिशील किसानों को जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा खेत तालाब बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. जीआर अम्बावतिया, डॉ. एसएस धाकड़, डॉ. डीके तिवारी, उपसंचालक कृषि श्री आरएल जामरे भी उपस्थित थे। ग्राम गोपीपुर में हितग्राही श्री गणपतसिंह पिता श्री रामेश्वर द्वारा महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत निर्मित खेत तालाब का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया।
इसी तरह ग्राम सामगीमाना एवं सतगांव की आंगनवाड़ी केन्द्रों में कलेक्टर ने तैयार की जा रही पोषण वाटिका का निरीक्षण किया। साथ ही इन स्थलों पर कलेक्टर ने पौधरोपण भी किया। ग्राम मझानिया में कलेक्टर ने शांतिवन में किये गये पौधरोपण कार्य का निरीक्षण किया एवं स्वयं भी पौधा लगाया। इस दौरान सतगांव में सरपंच श्री संजय पाटीदार, मझानिया में सरपंच श्रीमती राजुबाई रजावत तथा सीडीपीओ सुश्री नेहा चौहान भी उपस्थित थी।
———-
विधि महाविद्यालय की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा करें
———-
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज शासकीय विधि महाविद्यालय शाजापुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हवा के दबाव से टूटी खिड़कियों एवं छत से पानी के लीकेज होने की समस्या का स्थायी हल ढूंढने तथा मरम्मत करने के निर्देश निर्माण ऐजेंसी पीआईयू को दिये। इस दौरान कलेक्टर ने कक्षों का निरीक्षण कर छात्रों की उपस्थिति एवं प्रवेश की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. एमके कनेरिया, कार्यपालन यंत्री पीआईयू श्री भाक्या परमार भी उपस्थित थे।
———-
कच्ची घानी से खाद्य तेल के उत्पादन का निरीक्षण
———–
कलेक्टर सुश्री बाफना ने आज शाजापुर नगर के काशीनगर में हितग्राही हिमांशु श्रीवास्तव द्वारा उद्यानिकी विभाग की पीएमएफएमई योजना के तहत लगाई गई कच्ची घानी तेल यूनिट का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने हितग्राही श्री हिमांशु से उत्पादन एवं विक्रय की जानकारी ली। कलेक्टर ने उत्पादित तेल का संग्रहण काँच की बोतलों में करने एवं साफ-सफाई का ध्यान रखने के लिए कहा। इस दौरान उपसंचालक उद्यान श्री मनीष चौहान एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रभारी डॉ. जीआर अम्बावतिया भी उपस्थित थे।
CM Madhya Pradesh Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh @followers
#CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #JansamparkMP #collectorshajapur #shajapur #शाजापुर